तीन माह से बंद है हाईमास्ट लाइट, नगर के मुख्य बाजार में अंधेरे से लोगों की बढ़ी परेशानी
फोटो- तीन महीना से खराब पड़ा यूको बैंक के पास लगा हाई मास्क लाइट | Prabhat Khabar Network
मुंगेर के मुख्य बाजार में पिछले तीन महीनों से हाईमास्ट लाइट खराब है, जिससे शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है. दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. पार्ट्स के इंतजार में मरम्मत अटकी हुई है.
Munger News: हवेली खड़गपुर (मुंगेर). नगर परिषद क्षेत्र के हृदयस्थली और व्यस्ततम मुख्य बाजार में यूको बैंक के समीप लगी हाईमास्ट लाइट पिछले तीन महीने से खराब है. दिनभर इस इलाके में बैंक ग्राहकों, दुकानदारों, राहगीरों और वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन शाम होते ही लाइट बंद रहने से मुख्य सड़क और आसपास का हिस्सा अपेक्षाकृत अंधेरे में डूब जाता है.
तीन माह से खराब, नहीं हो सकी मरम्मत
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि हाईमास्ट लाइट लंबे समय से बंद रहने के कारण बाजार में शाम के समय पर्याप्त रोशनी नहीं मिल रही है. लोगों का कहना है कि जिस उद्देश्य से हाईमास्ट लाइट लगाई गई थी, उसका लाभ फिलहाल नहीं मिल पा रहा है. तीन माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मरम्मत नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है.
व्यस्त बाजार में शाम होते ही बढ़ती है परेशानी
यूको बैंक के आसपास दिनभर लोगों की भीड़ रहती है. बैंक आने वाले ग्राहक, दुकानदार और राहगीर लगातार इस मार्ग से गुजरते हैं. शाम के बाद हाईमास्ट लाइट बंद रहने से मुख्य सड़क और आसपास के हिस्सों में रोशनी की कमी महसूस होती है. स्थानीय लोगों ने जल्द लाइट चालू कराने की मांग की है.
पटना से बुलाए गए मुख्य मिस्त्री ने की जांच
नगर प्रबंधक प्रिय रंजन ने बताया कि यूको बैंक के समीप लगी हाईमास्ट लाइट काफी पहले लगाई गई थी. खराबी की जांच के लिए पटना से मुख्य मिस्त्री को बुलाया गया था. जांच के बाद मिस्त्री ने मरम्मत के लिए आवश्यक खराब पार्ट्स की सूची उपलब्ध कराई है.
पार्ट्स उपलब्ध होते ही चालू होगी लाइट
Munger News: नगर प्रबंधक ने बताया कि संबंधित पार्ट्स फिलहाल उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं, जिसके कारण मरम्मत कार्य में विलंब हो रहा है. हाईमास्ट लाइट लगाने वाली संबंधित कंपनी को पत्र लिखा गया है. आवश्यक पार्ट्स उपलब्ध होते ही मरम्मत कराकर हाईमास्ट लाइट को चालू करा दिया जायेगा.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










