360 किमी की कांवर यात्रा पर निकलीं झारखंड की कुसुम साहू, 21 लीटर जल लेकर बाबा धाम की ओर बढ़े कदम

Updated:
विज्ञापन

भगवान लड्डू गोपाल के साथ श्रद्धालुओं संग आगे बढ़तीं सुश्री कुसुम साहू व अन्य भक्त.

झारखंड की जिला महिला गौ भक्त प्रमुख कुसुम साहू 360 किलोमीटर लंबी कांवर यात्रा पर निकली हैं. 21 लीटर जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचीं, जहाँ उनका भव्य स्वागत हुआ. इस यात्रा का उद्देश्य गौ सेवा और सनातन धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना है.

विज्ञापन

सावन के पवित्र महीने में बाबा भोलेनाथ की भक्ति के लिए श्रद्धालु अलग-अलग संकल्प लेकर पदयात्रा कर रहे हैं. इसी कड़ी में झारखंड के कोडरमा की जिला महिला गौ भक्त प्रमुख कुसुम साहू भी 360 किलोमीटर लंबी कांवर पदयात्रा पर निकली हैं. झुमरी तिलैया के झरना कुंड से शुरू हुई उनकी यात्रा सुल्तानगंज, देवघर और बासुकीनाथ धाम तक जाएगी. सोमवार रात तारापुर पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ उनका स्वागत किया.

कांवड़ में 21 लीटर जल, पैदल बाबा धाम की ओर बढ़ रहीं कुसुम

श्रद्धालुओं संग आगे बढ़तीं सुश्री कुसुम साहू व अन्य भक्त.
श्रद्धालुओं संग आगे बढ़तीं सुश्री कुसुम साहू व अन्य भक्त.

कुसुम साहू अपने कांवड़ में 21 लीटर जल लेकर पैदल यात्रा कर रही हैं. झुमरी तिलैया स्थित झरना कुंड से यात्रा शुरू करने के बाद उनका पहला पड़ाव सुल्तानगंज होगा. यहां बाबा अजगैबीनाथ पर जलाभिषेक करने के बाद वे गंगाजल लेकर पैदल देवघर के बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगी. इसके बाद बासुकीनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेंगी.

पूरी यात्रा करीब 360 किलोमीटर की है और इसे लगभग 25 दिनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. लंबी दूरी, लगातार पैदल चलना और सावन की भीड़ के बावजूद कुसुम अपने संकल्प को लेकर आगे बढ़ रही हैं.

तारापुर में हर-हर महादेव के जयघोष से हुआ स्वागत

सोमवार रात जब कुसुम साहू और उनके साथ चल रहे श्रद्धालुओं का जत्था तारापुर पहुंचा तो माहौल भक्तिमय हो गया. तारापुर स्थित बाबा तारेश्वर नाथ महादेव मंदिर और उल्टा स्थान परिसर में स्थानीय श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव, जय श्रीराम और जय कन्हैया लाल के जयघोष के बीच उनका स्वागत किया.

महिलाओं और पुरुषों ने यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा की. स्थानीय लोगों की ओर से अल्पाहार और विश्राम की भी व्यवस्था की गयी. गणमान्य लोगों और शिवभक्तों ने दोनों कांवरियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया और सफल यात्रा की शुभकामनाएं दीं.

गौ सेवा और सनातन जागरूकता बना यात्रा का संकल्प

कुसुम साहू ने बताया कि इस कठिन पदयात्रा का उद्देश्य गौ माता की रक्षा और संवर्धन के साथ समाज में धर्म के प्रति जागरूकता फैलाना है. उनका कहना है कि अधिक से अधिक लोगों को गौ सेवा के लिए आगे आना चाहिए.

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी वे झुमरी तिलैया से पैदल सुल्तानगंज पहुंचकर बाबा अजगैबीनाथ पर जल अर्पित कर देवघर और बासुकीनाथ की यात्रा कर चुकी हैं. इसके अलावा डोमचांच से वृंदावन और अयोध्या तक की पैदल यात्रा भी उन्होंने अपने माता-पिता और लड्डू गोपाल के साथ पूरी की है.

लीलावती भी बनीं यात्रा की सहयात्री

इस कांवर यात्रा में हजारीबाग के बड़कागांव निवासी लीलावती कुमारी भी कुसुम साहू के साथ पैदल चल रही हैं. उन्होंने कहा कि सनातन परंपरा में गौ सेवा का विशेष महत्व है और गौ माता की सुरक्षा समाज की जिम्मेदारी है.

तारापुर में दोनों कांवरियों के स्वागत के दौरान बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, शिवभक्त और ग्रामीण मौजूद रहे. श्रद्धालुओं ने दोनों की यात्रा के सफल और मंगलमय होने की कामना की. सावन के बीच यह अनोखी कांवर यात्रा क्षेत्र में श्रद्धा, संकल्प और गौ सेवा की चर्चा का केंद्र बनी हुई है.

ये भी पढ़ें : श्रद्धा के आगे दूरी और भार ने भी मानी हार, 50 किलो का विशाल कांवर लेकर बाबाधाम चले भागलपुर के संजीव


विज्ञापन
संजय वर्मा

लेखक के बारे में

By संजय वर्मा

संजय वर्मा प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. तारापुर (भागलपुर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन