भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर लंबी दूरी की ट्रेनें लेट, तेजस राजधानी 9 घंटे तो मेला स्पेशल 8 घंटे विलंब
सांकेतिक तस्वीर.
भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर ट्रेनों के अनिश्चित विलंब से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है. तेजस राजधानी एक्सप्रेस 9 घंटे से अधिक लेट है, जबकि श्रावणी मेला स्पेशल ट्रेन भी 8.30 घंटे विलंब से चल रही है.
मालदा रेल मंडल के साहिबगंज लूप लाइन अंतर्गत भागलपुर-जमालपुर-किऊल रेलखंड पर मंगलवार को लंबी दूरी की कई ट्रेनें अनिश्चित विलंब से चल रही हैं. सबसे अधिक परेशानी अगरतला-आनंद विहार तेजस राजधानी एक्सप्रेस और रक्सौल-देवघर श्रावणी मेला स्पेशल के यात्रियों को हो सकती है. ट्रेनों के कई घंटे देर से चलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, वहीं आगे की यात्रा और कनेक्टिंग ट्रेन को लेकर भी असमंजस की स्थिति बनी हुई है.
तेजस राजधानी करीब 9 घंटे लेट, आधी रात के बाद पहुंचने की संभावना
अगरतला से आनंद विहार जाने वाली 20501 अप तेजस राजधानी एक्सप्रेस का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय शाम 19:16 बजे है. लेकिन मंगलवार दोपहर 12 बजे तक यह ट्रेन गुवाहाटी भी नहीं पहुंच पाई थी. जानकारी के अनुसार ट्रेन करीब 9 घंटे के अनिश्चित विलंब से चल रही थी.
ऐसे में इसके जमालपुर पहुंचने का समय आधी रात 12 बजे के बाद बताया जा रहा है. लंबी दूरी की इस महत्वपूर्ण ट्रेन के विलंब से चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
श्रावणी मेला स्पेशल भी 8.30 घंटे पीछे
रक्सौल से देवघर जाने वाली 05545 डाउन श्रावणी मेला स्पेशल एक्सप्रेस भी करीब 8 घंटे 30 मिनट विलंब से चल रही थी. इस ट्रेन का जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय दोपहर 13:08 बजे है. लेकिन दोपहर 12 बजे तक ट्रेन रुन्नी सैदपुर में ही थी.
रुन्नी सैदपुर से जमालपुर की दूरी करीब 215 किलोमीटर है. ऐसे में ट्रेन के रात 21 बजे के बाद ही जमालपुर पहुंचने की संभावना जतायी गयी. सावन के दौरान देवघर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने के कारण इस ट्रेन में देरी से यात्रियों की परेशानी और बढ़ सकती है.
ब्रह्मपुत्र मेल भी पांच घंटे लेट
कामाख्या से दिल्ली जाने वाली 15658 अप कामाख्या-दिल्ली ब्रह्मपुत्र मेल भी करीब पांच घंटे विलंब से चल रही थी. इसका जमालपुर पहुंचने का निर्धारित समय सुबह 9:14 बजे है, लेकिन दोपहर 12 बजे तक ट्रेन भागलपुर नहीं पहुंची थी. भागलपुर से जमालपुर पहुंचने में सामान्य तौर पर करीब एक घंटे का समय लगता है. ऐसे में ट्रेन के दोपहर बाद करीब 13:45 बजे तक जमालपुर पहुंचने की संभावना जतायी गयी.
राजधानी एक्सप्रेस की लेटलतीफी लगातार जारी
रेल यात्रियों के अनुसार पिछले करीब एक पखवाड़े से अगरतला-आनंद विहार तेजस राजधानी और सैरंग राजधानी एक्सप्रेस के परिचालन में लगातार अनिश्चित विलंब देखने को मिल रहा है. लंबी दूरी की इन ट्रेनों के बार-बार देर से चलने के कारण यात्रियों की परेशानी बढ़ रही है. यात्रियों ने ट्रेनों के समय पर परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विजय कुमार गुप्ता
विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










