कांवरियों की सुविधा व आपदा प्रबंधन को दें प्राथमिकता : पंकज
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 02 Jun 2026 9:16 PM
कांवरियों की सुविधा व आपदा प्रबंधन को दें प्राथमिकता : पंकज
श्रावणी मेला व बाढ़-सुखाड़ तैयारियों की प्रभारी सचिव ने की समीक्षा कांवरिया पथ, पेयजल, शौचालय व स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने का निर्देश मुंगेऱ पथ निर्माण विभाग के सचिव सह मुंगेर के प्रभारी सचिव पंकज पाल ने मंगलवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में श्रावणी मेला तथा बाढ़-सुखाड़ की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने समय रहते सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में जिलाधिकारी निखिल धनराज, नगर आयुक्त पार्थ गुप्ता आदि मौजूद थे. कांवरिया पथ को सुरक्षित व सुगम बनाने का निर्देश श्रावणी मेला की तैयारियों की समीक्षा करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि हर वर्ष कांवरियों की संख्या बढ़ रही है. ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. उन्होंने पथ निर्माण विभाग को कांवरिया पथ को सुगम, सुरक्षित और पूरी तरह चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया. साथ ही गर्मी से राहत के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने मेला क्षेत्र में पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. सभी व्यवस्थाओं का नियमित और अद्यतन अभिलेख संधारित करने पर भी बल दिया. विद्युत विभाग को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए कहा कि शॉर्ट सर्किट या स्पार्किंग जैसी घटनाओं की कोई संभावना नहीं रहनी चाहिए. स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने मेला अवधि में पर्याप्त चिकित्सक, दवाइयां और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने को कहा. साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को भी पूरी तरह चाक-चौबंद रखने का निर्देश दिया. बाढ़ और सुखाड़ दोनों के लिए रहे तैयारी बाढ़ एवं सुखाड़ की संभावित स्थिति पर चर्चा करते हुए प्रभारी सचिव ने कहा कि मुंगेर जैसे जिले में दोनों परिस्थितियों से निपटने के लिए समानांतर तैयारी जरूरी है. उन्होंने पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने, जन-जागरूकता अभियान चलाने तथा खराब पड़े पंप सेटों की समय पर मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि मौसम में अस्थायी ठंडक के कारण किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए. अचानक तापमान बढ़ने पर सुखाड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है. इसलिए सभी विभाग पूरी सतर्कता के साथ पूर्व तैयारी सुनिश्चित करें.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










