आम तोड़ने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, एक दर्जन घायल
Published by : BIRENDRA KUMAR SING Updated At : 02 Jun 2026 5:34 PM
सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है
मुंगेर
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव में मंगलवार को आम तोड़ने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पुराने जमीन विवाद में बदल गया. दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये. घटना के बाद गांव में अफरातफरी मच गयी. सभी घायलों को इलाज के लिए मुंगेर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.जानकारी के अनुसार एक पक्ष से मो सरवर, मो आफताब, मो बाबर, मो अनवर और मो शमीम घायल हुए हैं. वहीं दूसरे पक्ष से मो कमरुज्जमा, मो तबरेज, मो भीमा, मो पेटर, मो रेणु और मो अली समेत कई अन्य लोग घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है.
आम तोड़ने से शुरू हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह गांव के बगीचे में बच्चे आम तोड़ रहे थे. इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे. घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया.
घायलों ने एक-दूसरे पर लगाया आरोप
घायल मो बाबर ने बताया कि मंगलवार सुबह गांव के बगीचे में बच्चे आम तोड़ रहे थे. इसी दौरान उनके मामा मो कमरुज्जमा वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे. विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया. बाबर ने आरोप लगाया कि उनके मामा ने हिस्से में एक बीघा जमीन देने की बात कही थी, लेकिन अब उससे मुकर रहे हैं. उन्होंने बताया कि जमीन से संबंधित मामला न्यायालय में विचाराधीन है.
वहीं दूसरे पक्ष के मो कमरुज्जमा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से दस्तावेजों में छेड़छाड़ की जा रही है. उन्होंने कहा कि इसी विवाद के कारण तनाव बढ़ा और मारपीट की नौबत आ गयी.पुराने जमीन विवाद ने बढ़ाया तनाव
ग्रामीणों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है. आम तोड़ने की घटना ने पुराने विवाद को फिर से हवा दे दी, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गये. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.कहते हैं थानाध्यक्ष
मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि मारपीट में दोनों पक्षों के एक दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं. मामले की जांच की जा रही है. दोनों पक्षों के बयान लिये जा रहे हैं. आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










