मकई की रखवाली कर रहे युवक की अपराधियों ने कर दी हत्या, पत्नी के सामने कनपटी में मारी गोली

Updated:
विज्ञापन
मकई की रखवाली कर रहे युवक की अपराधियों ने कर दी हत्या, पत्नी के सामने कनपटी में मारी गोली

Munger Crime News : मुंगेर के दियारा इलाके में देर रात हुई एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया. खेत में मकई की फसल की रखवाली कर रहे युवक की अज्ञात अपराधियों ने पत्नी के सामने गोली मारकर हत्या कर दी. घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है.

विज्ञापन

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट

Munger News : मुंगेर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकारामपुर दियारा में सोमवार रात अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक अपनी पत्नी के साथ खेत में तैयार मकई की फसल की रखवाली कर रहा था. अपराधियों ने सो रहे युवक की कनपटी में गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

खेत में सो रहे दंपति पर टूटा कहर

जानकारी के अनुसार टीकारामपुर भीम टोला निवासी 30 वर्षीय मंसूरी यादव अपनी पत्नी सुनैना देवी के साथ खेत में तैयार मकई की फसल की रखवाली के लिए रात में सोए हुए थे. इसी दौरान देर रात अज्ञात अपराधी वहां पहुंचे और सो रहे मंसूरी यादव को निशाना बना लिया.

पति को गोली लगते ही पत्नी हो गयी बदहवास

प्रत्यक्षदर्शी पत्नी के अनुसार अपराधियों ने मंसूरी यादव की कनपटी में गोली मार दी. गोली लगते ही उनकी मौके पर ही मौत हो गई. अचानक हुई इस घटना से पत्नी बदहवास हो गई और चीख-पुकार करने लगी. उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे.

तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की हत्या से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. घर में मातम पसरा हुआ है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

गांव में दहशत और शोक का माहौल

घटना के बाद पूरे टीकारामपुर दियारा क्षेत्र में दहशत फैल गई है. ग्रामीण हत्या की इस वारदात से स्तब्ध हैं. लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद मंगलवार सुबह मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.

हत्या के कारणों का नहीं चला पता

मुफस्सिल थानाध्यक्ष विपिन कुमार सिंह ने बताया कि अज्ञात अपराधियों द्वारा युवक की कनपटी में गोली मारकर हत्या की गई है. हत्या के पीछे के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है. परिजनों की ओर से अभी तक कोई लिखित या मौखिक शिकायत नहीं मिली है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू कर दी गई है.

अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है. अधिकारियों ने जल्द ही घटना का खुलासा करने का भरोसा जताया है.

विज्ञापन
Amit Kr Sinha

लेखक के बारे में

By Amit Kr Sinha

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन