टेटिया बंपर में पंचायत समिति की बैठक, आयरन सिरप फेंके जाने का मामला गरमाया
फोटो- पंचायत समिति की बैठक में उपस्थिति सदस्य व पदाधिकारी | Prabhat Khabar Network
टेटिया बंपर में पंचायत समिति की बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई. मनरेगा, 16वीं वित्त आयोग की योजनाओं के साथ-साथ स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल जैसी महत्वपूर्ण सुविधाओं पर जोर दिया गया.
Munger News: टेटिया बंपर (मुंगेर). प्रखंड कार्यालय सभागार में सोमवार को प्रमुख किरण देवी की अध्यक्षता में पंचायत समिति की बैठक हुई. बैठक में समिति सदस्यों के अलावा विभिन्न पंचायतों के मुखिया, जनप्रतिनिधि और प्रखंड स्तरीय अधिकारी शामिल हुए. पंचायतों के विकास कार्यों के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और आंगनबाड़ी से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
मनरेगा और 16वीं वित्त आयोग की योजनाओं पर चर्चा
बैठक में जी-राम-जी योजना, मनरेगा और 16वीं वित्त आयोग के तहत पंचायतों में संचालित एवं प्रस्तावित योजनाओं की समीक्षा की गई. पंचायत प्रतिनिधियों ने विभिन्न योजनाओं को पारित किया. ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, नाली, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देने की मांग भी उठाई गई.
आयरन सिरप फेंके जाने का मामला छाया रहा
बैठक में सीडीपीओ कार्यालय से करीब 200 गज की दूरी पर महानी नदी किनारे बच्चों को पिलाए जाने वाले आयरन सिरप की बोतलें फेंके जाने का मामला प्रमुखता से उठा. उप प्रमुख शशिभूषण कुमार सिंह ने इसे गंभीर मामला बताते हुए उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए.
रसोइया को हटाने का मामला भी उठा
कसौली पंचायत के मुखिया मुरारी मुकुंद ने विद्यालय में पिछले एक वर्ष से कार्यरत रसोइया को हटाकर दूसरे व्यक्ति की बहाली किए जाने की चर्चा का विरोध किया. उन्होंने कहा कि लंबे समय से काम कर रही रसोइया के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए.
आंगनबाड़ी केंद्र और सोलर लाइट का मुद्दा
मुखिया सुरेश यादव ने पंचायत क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों को नियमित रूप से खोलने और बंद पड़े केंद्रों को फिर से चालू कराने की मांग की. उन्होंने खराब पड़े सोलर लाइटों की मरम्मत कराने का मुद्दा भी उठाया. साथ ही देवघर उच्चेश्वरनाथ महादेव मंदिर के समीप स्थित करीब 70 वर्ष पुराने जर्जर स्वास्थ्य भवन के स्थान पर नए स्वास्थ्य भवन के निर्माण की मांग रखी.
जमाबंदी में परेशानी का मामला सामने आया
पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश निराला ने कहा कि जमीन की जमाबंदी कराने में लोगों को काफी परेशानी हो रही है. उन्होंने राजस्व संबंधी कार्यों को सुगम बनाने और लोगों की समस्याओं के समाधान की जरूरत बतायी.
कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
Munger News: बैठक में बीडीओ निशा राय, कार्यक्रम पदाधिकारी दिवाकर भगत, अंचलाधिकारी अर्चना कुमारी, बिजली विभाग के जेई रामकुमार, पंचायत समिति सदस्य डॉ. प्रवीण कुमार, ओम प्रकाश सिंह, पिंकी देवी, मुखिया निरंजन निषाद, सुरेश यादव, मुरारी मुकुंद सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राणा गौरी शंकर
राणा गौरी शंकर प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक आज से की. अभी प्रभात खबर के मुंगेर कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










