गैस सिलिंडर वाहन के पहुंचते ही उपभोक्ताओं की उमड़ी भीड़, न चिट्ठा कटा, न मिली गैस
Published by : ANAND KUMAR Updated At : 18 Mar 2026 8:02 PM
11 बजे गैस खत्म होने की सूचना मिलते ही उपभोक्ताओं में छा गयी नाराजगी
हवेली खड़गपुर. अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के असर के बीच रसोई गैस आपूर्ति पर पड़ रहे प्रभाव का असर बुधवार को खड़गपुर नगर क्षेत्र में देखने को मिला. चार दिनों के बाद जैसे ही 360 सिलिंडरों से लदा ट्रक गैस एजेंसी पहुंचा, वैसे ही हजारों की संख्या में लोग चिट्ठा कटवाने के लिए जद्दोजहद करने लगे. तीन घंटे से अधिक समय तक लाइन में खड़े रहने के बावजूद कई उपभोक्ताओं को बिना चिट्ठा कटवाए ही लौटना पड़ा. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल को भी तैनात किया गया, लेकिन स्थिति संभल नहीं सकी. जानकारी के अनुसार, गैस एजेंसी में गैस सिलिंडर लेने के लिए सुबह से ही उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगी थी. चार दिनों बाद गैस सिलिंडर का ट्रक पहुंचने के बाद उपभोक्ताओं में उम्मीद जगी कि गैस मिल जायेगी. उपभोक्ता चिट्ठा कटाने के लिए तीन घंटे तक लाइन में लगे रहे, लेकिन करीब 11 बजे गैस खत्म होने की सूचना मिलते ही उपभोक्ताओं में नाराजगी छा गयी. लोगों का कहना है कि एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी सेवा लगभग बंद कर दी गयी है. डीएससी नंबर आने के बावजूद गैस घर तक नहीं पहुंचायी जा रही, जिससे लोगों को एजेंसी पर आकर चिट्ठा कटवाना पड़ रहा है और भीड़ बढ़ रही है. उपभोक्ताओं ने मांग की कि यदि होम डिलीवरी व्यवस्था को सुचारू कर दिया जाए, तो इस समस्या में काफी हद तक सुधार हो सकता है. इधर एजेंसी की प्रोपराइटर शर्मिला देवी ने बताया कि शनिवार के बाद चौथे दिन गैस की आपूर्ति हुई. इसमें केवल 360 सिलिंडर ही उपलब्ध था, जो दोपहर से पहले ही समाप्त हो गया. उन्होंने कहा कि जब तक आपूर्ति सामान्य नहीं होती, तब तक होम डिलीवरी में भी परेशानी बनी रहेगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










