भीषण गर्मी में नगर निगम के वॉटर चिलर पड़े खराब, राहगीरों को नसीब नहीं हो रहा ठंडा पानी

Published by : Divyanshu Prashant Updated At : 08 May 2026 2:58 PM

विज्ञापन

खराब वॉटर चिलर

मुंगेर में भीषण गर्मी के बीच नगर निगम द्वारा लगाए गए वॉटर चिलर सिस्टम रखरखाव के अभाव में खराब पड़े हैं, जिससे राहगीरों को ठंडा पानी नसीब नहीं हो रहा. लाखों की लागत से बनी यह व्यवस्था ठप होने के कारण प्यास बुझाने के लिए आम लोगों और मजदूरों को बोतलबंद पानी खरीदने पर मजबूर होना पड़ रहा है.

विज्ञापन

मुंगेर से वीरेंद्र कुमार सिंह की रिपोर्ट: शहर में आसमान से बरसती आग और भीषण गर्मी के बीच आम लोगों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. नगर निगम द्वारा शहरवासियों और राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए विभिन्न चौक-चौराहों पर लगाए गए वॉटर चिलर सिस्टम इन दिनों सफेद हाथी साबित हो रहे हैं. रखरखाव के अभाव में अधिकांश मशीनें खराब पड़ी हैं, जिससे लोगों को इस तपती गर्मी में ठंडा पानी नसीब नहीं हो रहा है.

लाखों की मशीनें बनीं शोपीस, बोतलबंद पानी खरीदने को मजबूर लोग

नगर निगम ने लाखों रुपये की लागत से शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर वॉटर चिलर लगवाए थे, ताकि रिक्शा चालकों, दुकानदारों और राहगीरों को राहत मिल सके. लेकिन वर्तमान में स्थिति यह है कि कई जगहों पर या तो सिस्टम बंद हैं या उनमें पानी की सप्लाई ही नहीं हो रही है. मजबूरन लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए बाजार से बोतलबंद पानी खरीदना पड़ रहा है, जिससे उनकी जेब पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है.

स्थानीय लोगों में आक्रोश, मरम्मत की मांग

स्थानीय नागरिकों ने नगर निगम की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमित देखरेख नहीं होने के कारण ये मशीनें खराब हुई हैं. गर्मी बढ़ने के साथ ही ठंडे पानी की मांग बढ़ गई है, लेकिन निगम प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है. राहगीरों का कहना है कि अगर समय रहते इनकी मरम्मत करा दी गई होती, तो आज लोगों को इस तरह भटकना नहीं पड़ता.

निगरानी की दरकार

शहरवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि सभी खराब पड़े वॉटर चिलरों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जाए और भविष्य में इनकी नियमित निगरानी के लिए किसी टीम को जिम्मेदारी दी जाए. फिलहाल, व्यवस्था ठप होने से राहगीरों और मेहनतकश मजदूरों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है. अब देखना यह है कि प्रशासन कब तक इन मशीनों को दोबारा चालू करा पाता है.

विज्ञापन
Divyanshu Prashant

लेखक के बारे में

By Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में Prabhat Khabar डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा से पत्रकारिता में परास्नातक तथा टी. एन. बी. कॉलेज भागलपुर से हिंदी साहित्य में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। हिंदी साहित्य की पृष्ठभूमि होने के कारण उन्हें पढ़ने, लेखन और कविता-सृजन में विशेष रुचि है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे Dainik Jagran में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन