पुणे मर्डर केस : सिया को उसके 20वें जन्मदिन पर फूलों से सजी लग्जरी कार में केतन ने दिया था सरप्राइज
केतन और सिया
Pune Crime News:पूणे कारोबारी केतन की मौत के मामले में पुलिस ने खुलासा करके पूरे देश के लोगों को हैरान कर दिया. जांच टीम के मुताबिक केतन जिससे बेहद प्यार करता था , उसी ने उसको जान से मारने की साजिश रची.
Pune Murder Case :पुणे के युवा कारोबारी केतन अग्रवाल की मौत ने पूरे देश को हैरान कर दिया है. केतन( 25) अपनी मंगेतर सिया गोयल के 20वें जन्मदिन को खास बनाने के लिए पिछले एक महीने से तैयारियों में जुटा था. परिवार के लोगों ने बताया है कि उसने जन्मदिन समारोह के लिए महाबलेश्वर के एक लग्जरी रिसॉर्ट में करीब 40 कमरे तक बुक कराए थे.
फूलों से सजी कार में दिया था सरप्राइज
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में केतन अपनी मंगेतर सिया को फूलों से सजी लग्जरी कन्वर्टिबल कार में सरप्राइज देते नजर आ रहा है. वायरल वीडियो में सिया को गुलदस्ता देते हुए केतन दिखाई देता है, जिसके बाद दोनों खुशी के पल साझा करते हैं. यह वीडियो अब लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.
रेस्तरां में घुटनों पर बैठकर किया था प्रपोज
एक अन्य वीडियो में केतन एक रेस्तरां में सिया के सामने घुटनों पर बैठकर उसे गिफ्ट देता दिखाई देता है. वहां मौजूद दोस्त और परिवार के सदस्य तालियां बजाकर दोनों का उत्साह बढ़ाते हैं. इन वीडियो को केतन की जिंदगी के आखिरी खुशहाल पलों के रूप में देखा जा रहा है.
शादी की तैयारियां भी थीं पूरी रफ्तार पर
कारोबारी केतन और उसकी मंगेतर सिया गोयल की फरवरी में सगाई हुई थी और नवंबर में शादी तय थी. परिवारों ने उदयपुर के एक भव्य पैलेस में शादी की बुकिंग भी कर ली थी. प्री-वेडिंग कार्यक्रमों की तैयारियां भी शुरू हो चुकी थीं.
मौत के बाद सिया ने लिखा था भावुक पोस्ट
केतन की 18 जून को मौत के बाद सिया ने इंस्टाग्राम पर भावुक संदेश पोस्ट किया था. उसने लिखा था कि वह उसके जन्मदिन पर उसे छोड़कर चला गया और उसके कई सवालों का जवाब अब कभी नहीं मिल पाएगा. पोस्ट में उसने हिंदी में लिखा, “मेरे दिल को पता है कि तू यहीं है, वापस आ जा”.
जांच में आया बड़ा मोड़
शुरुआत जांच में केतन की मौत को लोनावला के लोहागढ़ किले पर ट्रैकिंग के दौरान हुआ हादसा माना गया था. सिया ने पुलिस को बताया था कि फोटो खींचते समय केतन का पैर फिसल गया था, लेकिन कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य डिजिटल सबूतों की जांच के बाद पुलिस ने मामला हत्या का बताया.
मंगेतर और कथित प्रेमी गिरफ्तार
पुलिस ने जांच कर खुलासा किया है कि सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी के बीच पिछले एक साल से संबंध थे. जांच में सामने आया कि दोनों ने कथित रूप से केतन को अपने रास्ते का रोड़ा समझते हुए हत्या की साजिश रची. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में दोनों ने अपराध कबूल कर लिया है. इतना ही नहीं, 14 जून को भी केतन को मारने की एक नाकाम कोशिश किए जाने का आरोप है. फिलहाल पूरे मामले की जांच अभी जारी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










