रामपुर रेलवे कॉलोनी में ‘सुखा नशा’ का नेटवर्क सक्रिय, परित्यक्त क्वार्टर बन रहे अड्डा

Published by : AMIT KUMAR SINH Updated At : 18 May 2026 11:29 AM

विज्ञापन

Munger News : जमालपुर की रामपुर रेलवे कॉलोनी में लगातार सामने आ रहे नशाखोरी और असामाजिक गतिविधियों के मामलों ने इलाके में दहशत बढ़ा दी है. परित्यक्त रेलवे क्वार्टर अब कथित तौर पर नशेरियों और संदिग्ध लोगों का ठिकाना बनते जा रहे हैं. पिछले तीन महीनों में पुलिस ने कई बार छापेमारी कर स्मैक पेडलर समेत दर्जनों युवकों को गिरफ्तार किया है, जिसके बाद रेलवे कॉलोनी की सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.

विज्ञापन

जमालपुर, मुंगेर से विजय कुमार गुप्ता की रिपोर्ट :

मुंगेर जिले के जमालपुर स्थित रामपुर रेलवे कॉलोनी में सुखा नशा और अवांछित गतिविधियों को लेकर चिंता बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी के कई खाली और परित्यक्त रेलवे क्वार्टरों पर अनधिकृत कब्जा कर उन्हें नशे के अड्डे के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है. हाल के दिनों में जमालपुर थाना पुलिस ने कई बार छापेमारी कर नशे में धुत्त युवकों और संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है.

परित्यक्त क्वार्टरों में चल रहीं संदिग्ध गतिविधियां

जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में अब भी कई ऐसे रेलवे क्वार्टर हैं, जिन पर अनधिकृत रूप से लोगों ने कब्जा जमा रखा है. स्थानीय रेल कर्मियों और उनके परिजनों का कहना है कि इन क्वार्टरों का इस्तेमाल गलत गतिविधियों के लिए किया जा रहा है. लोगों के बीच यह चर्चा भी है कि यहां सुखा नशा का कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है.

लगातार हो रही पुलिस कार्रवाई

पिछले 23 फरवरी 2026 को जमालपुर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 9 पुड़िया स्मैक के साथ मोहम्मद शाहबाज उर्फ नेपाली को गिरफ्तार किया था. आरोपी सदर बाजार क्षेत्र का निवासी बताया गया.इसके बाद 25 अप्रैल 2026 को रामपुर रेलवे कॉलोनी के एक क्वार्टर से पांच युवकों को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया. पुलिस के अनुसार सभी युवक नशे की हालत में थे. वहीं 12 मई 2026 को भी एक रेलवे क्वार्टर से सात युवकों को गिरफ्तार किया गया, जो कथित रूप से नशे में धुत्त थे.

कोर्ट से पीआर बॉन्ड पर मिली रिहाई

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किये गये युवकों को अनुमंडल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें पीआर बॉन्ड पर रिहा कर दिया गया. हालांकि इन घटनाओं के बाद कॉलोनी में रहने वाले लोगों में भय और नाराजगी दोनों बढ़ गयी है.

रेलवे अधिकारियों से मांगी गयी जानकारी

थानाध्यक्ष पंकज कुमार पासवान ने बताया कि रामपुर रेलवे कॉलोनी धीरे-धीरे नशेरियों का अड्डा बनती जा रही है. उन्होंने कहा कि अनधिकृत रूप से रेलवे क्वार्टरों में रह रहे लोगों की सूची स्थानीय अधिकारियों से मांगी गयी थी, लेकिन उपलब्ध नहीं करायी गयी.

जल्द होगी बड़ी कार्रवाई

थानाध्यक्ष ने कहा कि अब इस मामले को लेकर रेल इंजन कारखाना के मुख्य कारखाना प्रबंधक से बातचीत की जाएगी, ताकि कॉलोनी में अवैध कब्जा और Drug Activity पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके.

विज्ञापन
AMIT KUMAR SINH

लेखक के बारे में

By AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन