कोचिंग से लौट रही छात्राओं से सरकारी बस में बदसलूकी, वीडियो वायरल होने पर मचा हड़कंप

Munger News : मुंगेर में कोचिंग से लौट रही छात्राओं के साथ सरकारी बस में कथित बदसलूकी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. बस कंडक्टर पर छात्राओं को बस में चढ़ने से रोकने और अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगा है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही लोगों में आक्रोश फैल गया. हालांकि वायरल वीडियो की पुष्टि प्रभात खबर नहीं करता है.
हवेली खड़गपुर, मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट :
हवेली खड़गपुर क्षेत्र में सोमवार को सरकारी बस में छात्र-छात्राओं के साथ कथित दुर्व्यवहार का मामला सामने आया. आरोप है कि मुंगेर से जमुई जाने वाली सरकारी बस के कंडक्टर ने छात्राओं को बस में चढ़ने से रोका और छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार किया. घटना का वीडियो वायरल होने के बाद छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गयी है तथा सोशल मीडिया पर कार्रवाई की मांग तेज हो गयी है.कोचिंग छात्रों के साथ बदसलूकी का आरोप
जानकारी के अनुसार, हवेली खड़गपुर प्रखंड क्षेत्र से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कोचिंग के लिए नगर क्षेत्र आते-जाते हैं. सोमवार सुबह मुंगेर से जमुई जाने वाली सरकारी बस खड़गपुर बस स्टैंड पहुंची थी.इसी दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के कई छात्र और छात्राएं बस में सवार होकर अपने घर लौटने की कोशिश कर रहे थे. आरोप है कि बस के कंडक्टर संजीव सिंह ने मनमानी करते हुए कुछ छात्राओं को बस में चढ़ने से रोक दिया और छात्रों के साथ अभद्र व्यवहार किया.
वीडियो वायरल होते ही मचा हड़कंप
घटना से नाराज छात्रों ने मोबाइल से वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया. वायरल वीडियो में छात्र कंडक्टर पर दुर्व्यवहार और मनमानी का आरोप लगाते दिखायी दे रहे हैं.छात्र-छात्राओं का कहना है कि वे नियमित रूप से किराया देने के बावजूद बस कर्मियों की प्रताड़ना झेलते हैं. उनका आरोप है कि सरकारी बसों में आए दिन मनमानी की जाती है, जिससे पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.अभिभावकों में नाराजगी, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग
घटना के बाद छात्रों और अभिभावकों में गहरा आक्रोश है. सोशल मीडिया पर लोग मुख्यमंत्री से मामले की जांच कर दोषी कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.लोगों का कहना है कि छात्राओं की सुरक्षा और सम्मान के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं होना चाहिए. वायरल वीडियो के बाद मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
प्रशासन बोला- शिकायत मिलने पर होगी जांच
मामले को लेकर बस स्टैंड कर्मी धर्मेंद्र कुमार ने छात्रों के आरोपों को बेबुनियाद बताया. उन्होंने कहा कि सभी छात्र-छात्राओं को नियमित रूप से बसों में यात्रा करने दी जाती है.हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि यदि कंडक्टर द्वारा किसी प्रकार की अभद्रता की गयी है, तो मामले की जांच कर विभाग को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा.वहीं थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना की कोई आधिकारिक शिकायत अभी तक नहीं मिली है. आवेदन मिलने पर जांच कर उचित कार्रवाई की जायेगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










