मुर्गा पार्टी का विरोध करने पर प्रधानाध्यापक ने की छात्र की लात-घूसे से पिटाई, रेफर

Updated at : 18 Mar 2026 7:58 PM (IST)
विज्ञापन
मुर्गा पार्टी का विरोध करने पर प्रधानाध्यापक ने की छात्र की लात-घूसे से पिटाई, रेफर

प्रखंड के मध्य विद्यालय सजुआ का मामला

विज्ञापन

असरगंज. प्रखंड के मध्य विद्यालय सजुआ में मंगलवार को विद्यालय परिसर में शिक्षक चिकन पार्टी कर रहे थे. इसका विरोध छात्रों ने किया था और प्रधानाध्यापक पर चिकन पार्टी करने का आरोप लगाया था. इससे नाराज प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार सिंह बुधवार को विद्यालय में छात्र आयुष कुमार की लात-घूसे से जमकर पिटाई कर दी. पिटाई से घायल छात्र को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है.

बताया जाता है कि मंगलवार को मध्य विद्यालय सजुआ में विद्यालय के किचन में चिकन पार्टी की गयी थी. इस दौरान विद्यालय के मुख्य गेट को बंद कर दिया गया था. जब छात्र विद्यालय पहुंचे, तो विद्यालय बंद पाया और गेट में लात मारकर खोलने का प्रयास किया था. बुधवार को जब छात्र आयुष कुमार अन्य दिनों की तरह विद्यालय पहुंचा तो वहां प्रधानाध्यापक ने आयुष को कक्षा से निकालकर उसकी लात-घूसे से पिटाई कर दी. वहीं अन्य शिक्षक मामले में मूकदर्शक बने रहे. पिटाई से घायल आयुष को उसके सहपाठियों ने किसी तरह घर पहुंचाया और मामले की जानकारी दी. इसके बाद उसकी मां व दादी बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्कूल पहुंची, लेकिन प्रधानाध्यापक प्रदीप कुमार सिंह स्कूल से फरार हो गये थे. परिजन आनन-फानन में बच्चे को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असरगंज पहुंचे. जहां ड्यूटी पर तैनात डॉ कामिनी कुमारी ने बच्चे का प्राथमिक उपचार कर उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया. डॉ कामिनी ने बताया कि बच्चे के छाती के अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोट है. मालूम हो कि छात्र आयुष ने स्कूल परिसर में मुर्गा पार्टी करने का आरोप लगाते हुए इसका विरोध किया था. जिसका परिणाम उसे लात-घूसे से झेलना पड़ा. मां नीतू यादव ने बताया कि आयुष का इलाज भागलपुर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है.

24 घंटे के अंदर मांगा स्पष्टीकरण

इधर जिला शिक्षा पदाधिकारी कुणाल गौरव ने कहा कि प्रधानाध्यापक से 24 घंटे के अंदर स्पष्टीकरण मांगा गया है और विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. उन्होंने कहा कि यदि परिजन प्राथमिकी दर्ज कराते हैं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी.

विज्ञापन
ANAND KUMAR

लेखक के बारे में

By ANAND KUMAR

ANAND KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन