एसडीओ आवास मार्ग के पास कचरे का ढेर, हर माह 35-40 लाख खर्च के बावजूद सफाई व्यवस्था बदहाल

एसडीओ आवास रोड के सामने लगा कचरे का ढेर | Prabhat Khabar Network
हवेली खड़गपुर में सफाई पर लाखों खर्च के बावजूद बदहाल स्थिति है. एसडीओ आवास के सामने कचरे का अंबार और दुर्गंध से लोग परेशान हैं. नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल.
हवेली खड़गपुर (मुंगेर). नगर परिषद क्षेत्र में सफाई व्यवस्था की हकीकत शहर के मुख्य चौराहों पर साफ दिखाई दे रहा है. अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) आवास जाने वाले मार्ग के ठीक सामने, बस स्टैंड परिसर एवं मुख्य बाजार के चौराहे पर हमेशा कचरे का ढेर लगा रहता है. यह स्थान शहर का सबसे व्यस्त इलाका होने के बावजूद नगर परिषद की उदासीनता का शिकार है . नगर परिषद सफाई व्यवस्था पर प्रत्येक माह लगभग 35 से 40 लाख खर्च करने का दावा करता है, लेकिन धरातल पर हालात इसके बिल्कुल विपरीत हैं.
नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल
शहर के प्रमुख चौक-चौराहे पर फैली गंदगी नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है. यह नजारा केंद्र एवं राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी स्वच्छ भारत अभियान की भी खुलेआम धज्जियां उड़ाता नजर आ रहा है. स्थानीय लोगों के अनुसार, चौराहे पर रखा डस्टबिन पूरी तरह भर चुका है. क्षमता से अधिक कचरा जमा होने के कारण आसपास के दुकानदार प्रतिदिन अपना व्यवसायिक कचरा डस्टबिन के बाहर ही फेंकने को मजबूर हैं. नगर परिषद की ओर से अतिरिक्त डस्टबिन, बड़े कंटेनर या नियमित कचरा उठाव की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है. परिणामस्वरूप आसपास कचरे का ढेर खड़ा हो गया है .
आसपास के लोग व दुकानदार हो रहे हैं परेशान
आसपास के कुछ लोग और राहगीर इसी स्थान को खुलेआम पेशाबघर के रूप में इस्तेमाल करते हैं. कचरे और मूत्र की तेज दुर्गंध के कारण आसपास का वातावरण असहनीय बना हुआ है. दुकानदारों का कहना है कि दिनभर बदबू के बीच व्यवसाय करना उनकी मजबूरी बन गई है, जबकि ग्राहक भी दुर्गंध के कारण वहां रुकने से कतराते हैं. इससे व्यापार पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. उप मुख्य पार्षद दीपक यादव ने कहा कि सफाई एजेंसी वर्तमान में आवश्यकता से बहुत कम मानव बल के सहारे कार्य कर रही है. पर्याप्त संसाधनों और कर्मियों के अभाव में पूरे नगर की समुचित सफाई नहीं हो पा रही है. आरोप लगाया, जब भी मैं सफाई कार्य में हो रही अनियमितताओं की जांच-पड़ताल करता हूं और जिम्मेदार लोगों की जवाबदेही तय करने का प्रयास करता हूं, तब संबंधित लोग सफाई मजदूरों की हड़ताल करवा देते हैं, जिससे सफाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती है .
निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग
यह शहर की जनता के साथ अन्याय है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. स्थानीय नागरिकों ने नगर परिषद से अविलंब कचरे का उठाव, अतिरिक्त डस्टबिन एवं कचरा संग्रहण की स्थायी व्यवस्था करने, खुले में पेशाब करने वालों पर कार्रवाई करने तथा शहर के मुख्य चौक-चौराहों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि शीघ्र व्यवस्था नहीं सुधरी तो यह समस्या जनस्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है.
ALSO READ बिहार के झंडू कुमार ने जीता कांस्य पदक, भारत को दिलाया पहला आधिकारिक मेडल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सौरभ कुमार
सौरभ कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. हवेली खड़गपुर (मुंगेर) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










