रोज 3-4 घंटे की ट्रेनिंग, 12 ओवर की गेंदबाजी... 2027 वर्ल्ड कप के लिए हार्दिक कर रहे कड़ी मेहनत

हार्दिक पांड्या (फोटो—सोशल मीडिया)
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए बेंगलुरु में अपना स्थायी ट्रेनिंग बेस बनाया है. वह रोज 12 ओवर तक गेंदबाजी का अभ्यास कर रहे हैं. यह उनकी लंबी अवधि की योजना का हिस्सा है.
Hardik Pandya Training : भारतीय स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने 2027 वनडे विश्व कप को ध्यान में रखते हुए अपनी तैयारियों को नया आयाम दिया है. फिटनेस और चोटों से दूर रहने के लक्ष्य के साथ उन्होंने बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (COE) को अपना स्थायी ट्रेनिंग हब बना लिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, हार्दिक ऐसा करने वाले पहले सक्रिय भारतीय क्रिकेटर हैं, जो अपने करियर के शेष वर्षों के लिए COE के पास रहकर नियमित ट्रेनिंग कर रहें है.
विला किराए पर लेकर कर रहें ट्रेनिंग
पीटीआई के अनुसार, मुंबई के लोअर परेल स्थित अपने घर से बार-बार बेंगलुरु आना-जाना उनके लिए मुश्किल हो रहा था. इसी कारण उन्होंने सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से करीब 20 किलोमीटर दूर एक विला किराए पर लेकर ट्रेनिंग कर रहें है, ताकि विश्वस्तरीय फिटनेस, मेडिकल और क्रिकेट सुविधाओं का सालभर फायदा उठा सकें.
जॉइंट टेपिंग और डायनेमिक स्ट्रेचिंग से शुरुआत
रिपोर्ट के मुताबिक, हार्दिक रोज शाम करीब 4 बजे से तीन से चार घंटे तक ट्रेनिंग करते हैं. इस समय का चयन इसलिए किया गया है ताकि परिसर में भीड़ कम रहे और वह बिना किसी व्यवधान के अपनी तैयारी पर पूरा ध्यान दे सकें.उनकी दिनचर्या की शुरुआत 15-20 मिनट की जॉइंट टेपिंग और डायनेमिक स्ट्रेचिंग से होती है. इसके बाद करीब एक घंटे तक जिम में स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग सेशन चलता है, फिर बल्लेबाजी और गेंदबाजी की विशेष ट्रेनिंग होती है.
ये भी पढ़ें: दूसरे टी20 मैच से पहले श्रेयस अय्यर की युवा टीम पहुंची इंडिया हाउस, भारतीय उच्चायुक्त से की मुलाकात
प्लास्टिक बॉल और टाइल्स पर खास बल्लेबाजी अभ्यास
RevSportz की रिपोर्ट के अनुसार, तेज बाउंस और कम रिएक्शन टाइम से निपटने के लिए हार्दिक प्लास्टिक बॉल से टाइल्स और कंक्रीट ट्रैक पर बल्लेबाजी का अभ्यास कर रहे हैं. इस ड्रिल से उनकी रिएक्शन स्पीड, बैक-फुट गेम और निर्णय लेने की क्षमता बेहतर हो रही है. इसके अलावा वह चार-पांच थ्रोडाउन विशेषज्ञों और स्थानीय स्पिनरों के खिलाफ पैडल स्वीप समेत कई विशेष शॉट्स पर भी काम कर रहे हैं.
रोज 12 ओवर गेंदबाजी पर फोकस
2027 विश्व कप को देखते हुए हार्दिक अपनी गेंदबाजी क्षमता और स्टैमिना बढ़ाने पर भी खास ध्यान दे रहे हैं. वह रोजाना अलग-अलग स्पेल में लगभग 12 ओवर गेंदबाजी करते हैं. कई बार मैच जैसी परिस्थितियां बनाने के लिए लगातार 5-6 ओवर पूरे दमखम से गेंदबाजी करते हैं और नेट्स में आमंत्रित बल्लेबाजों के खिलाफ अभ्यास करते हैं, ताकि मुकाबले जैसा अनुभव मिल सके.
अगले 5-6 साल के लिए लंबी योजना
बीसीसीआई से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, हार्दिक इस बदलाव को अपने करियर में लंबी अवधि के निवेश के रूप में देख रहे हैं. उनका लक्ष्य अगले पांच से छह वर्षों तक भारतीय टीम के व्हाइट-बॉल सेटअप का अहम हिस्सा बने रहना है. वह अपने निजी फिजियोथेरेपिस्ट और स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच के साथ काम जारी रखेंगे, जबकि COE के विशेषज्ञ उनकी फिटनेस और तकनीक पर लगातार नजर रखेंगे.
चोटों से प्रभावित रहा है करियर
हार्दिक का अंतरराष्ट्रीय करियर कई बार चोटों से प्रभावित रहा है. 2023 वनडे विश्व कप में बांग्लादेश के खिलाफ मैच के दौरान लगी टखने की चोट के कारण उन्हें पूरे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था. यही वजह है कि इस बार उन्होंने 2027 विश्व कप तक पूरी तरह फिट रहने के लिए अपनी तैयारी का तरीका ही बदल दिया है. फिलहाल उनका पूरा फोकस 2027 वनडे विश्व कप पर है, जिसके चलते वह हाल के टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों और 2026 एशियाई खेलों की भारतीय टीम का हिस्सा भी नहीं हैं.
ये भी पढ़ें: हरारे में फिर गेंदबाजों का रहेगा जलवा या बल्लेबाज दिखाएंगे दम? जानें पिच रिपोर्ट, रिकॉर्ड और हेड टू हेड
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










