दूसरे टी20 मैच से पहले श्रेयस अय्यर की युवा टीम पहुंची इंडिया हाउस, भारतीय उच्चायुक्त से की मुलाकात

टीम इंडिया (फोटो - BCCI)
जिम्बाब्वे दौरे पर भारतीय क्रिकेट टीम का हरारे स्थित 'इंडिया हाउस' में भव्य स्वागत किया गया. कप्तान श्रेयस अय्यर को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया.
IND VS ZIM T20 SERIES: जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की T20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से ठीक पहले, भारतीय क्रिकेट टीम का हरारे स्थित 'इंडिया हाउस' में भव्य स्वागत किया गया. जिम्बाब्वे में भारत के राजदूत महामहिम ब्रह्मा कुमार ने शुक्रवार शाम श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली युवा टीम और सपोर्ट स्टाफ की मेजबानी की.
हरारे में एक यादगार शाम
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर इस खास मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, "हरारे में एक यादगार शाम. जिम्बाब्वे में भारत के राजदूत महामहिम ब्रह्मा कुमार ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे T20I से पहले हरारे में इंडिया हाउस में #TeamIndia की मेजबानी की".
शॉल ओढ़ाकर किया सम्मानित
इस विशेष और औपचारिक कार्यक्रम में, राजदूत ब्रह्मा कुमार ने कप्तान श्रेयस अय्यर और अंतरिम हेड कोच VVS लक्ष्मण को पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. इसके बाद पूरी टीम ने राजदूत और उनके परिवार के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, और कोच लक्ष्मण ने वहां मौजूद अतिथियों को संबोधित करते हुए टीम के अनुभव साझा किए.
ये भी पढ़ें: ब्राजील फुटबॉल टीम के भारत दौरे की तैयारी तेज, इस शहर में हो सकता है इंटरनेशनल फ्रेंडली मैच
पहले T20I में भारत का एकतरफा दबदबा
भारतीय टीम हरारे स्पोर्ट्स क्लब में होने वाले दूसरे मैच में 1-0 की मजबूत बढ़त के साथ उतर रही है. पहले मैच में भारत ने ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए ज़िम्बाब्वे को 7 विकेट से करारी शिकस्त दी थी. यह जीत कप्तान श्रेयस अय्यर के लिए भी मील का पत्थर साबित हुई. सूर्यकुमार यादव की जगह लेने के बाद, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार हार का सामना करने वाले अय्यर की T20I कप्तान के तौर पर यह पहली जीत थी.
सीरीज सील करने का शानदार मौका
अब सभी की निगाहें शनिवार को होने वाले दूसरे T20 मैच पर टिक गई हैं. पहले मैच में मिली जीत से आत्मविश्वास से भरी भारत की युवा ब्रिगेड इस मैच को जीतकर सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने के इरादे से मैदान में उतरेगी. रविवार को इसी मैदान पर होने वाले तीसरे और आखिरी मुकाबले से पहले ही सीरीज अपने नाम करना श्रेयस अय्यर और टीम मैनेजमेंट का मुख्य लक्ष्य होगा.
ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज दौरे पर टीम इंडिया में होगी अनुभवी खिलाड़ियों की वापसी? जडेजा, शमी और भुवनेश्वर की एंट्री की चर्चा तेज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By Abhijeet Kumar
अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










