मुंगेर में कोर्ट ले जाते समय हथकड़ी खोल भागे शराब तस्कर, एक पकड़ा गया, दूसरा अब भी फरार

Edited by AMIT KR SINHA
Updated:
विज्ञापन

पुलिस गिरफ्त में आरोपित.

Court Escape Drama: 800 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार दो तस्करों ने कोर्ट ले जाने के दौरान पुलिस को चकमा दे दिया. एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया.

विज्ञापन

मुख्य बातें

मुंगेर से राणा गौरी शंकर की रिपोर्ट

Court Escape Drama: मुंगेर में बुधवार को उस समय पुलिस महकमे में हड़कंपमच गया, जब 800 लीटर विदेशी शराब के साथ गिरफ्तार दो आरोपित कोर्ट ले जाने के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार होने लगे. हालांकि पुलिसकर्मियों की तत्परता से एक आरोपी को कुछ दूरी पर ही दबोच लिया गया, लेकिन दूसरा आरोपी फरार होने में सफल रहा. इस घटना के बाद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और आरोपितों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं.

800 लीटर विदेशी शराब के साथ हुई थी गिरफ्तारी

जानकारी के अनुसार मुफस्सिल थाना पुलिस ने मंगलवार की सुबह गुप्त सूचना के आधार पर एनएच-333बी पर बनौदा के समीप एक ट्रक को रोका था. तलाशी के दौरान ट्रक में तिरपाल के नीचे छिपाकर रखे गए 93 कार्टन विदेशी शराब बरामद किए गए थे.

जब्त शराब में 4418 बोतल और टेट्रा पैकेट शामिल थे, जिसकी कुल मात्रा लगभग 800 लीटर बताई गई है. मामले में पुलिस ने पूर्णिया जिले के कस्बा थाना क्षेत्र के वालसर गांव निवासी मो. सोनू और मो. मज्जम को गिरफ्तार किया था.

फोटो खिंचवाने के बाद हथकड़ी से निकाला हाथ

बुधवार को दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए दो चौकीदारों की निगरानी में कोर्ट ले जाया जा रहा था. बताया जाता है कि एसपी कार्यालय स्थित नाफिस शाखा में फोटो खिंचवाने के बाद दोनों को कोर्ट के लिए रवाना किया गया.

इसी दौरान दोनों आरोपितों ने हथकड़ी से हाथ निकाल लिया और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और वहां मौजूद पुलिसकर्मी तत्काल हरकत में आ गए.

Court Escape Drama: एक तस्कर पकड़ा गया, दूसरे की तलाश जारी

दोनों चौकीदारों के साथ एसपी कार्यालय और कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों ने आरोपितों का पीछा किया. कुछ दूरी तक खदेड़ने के बाद पुलिस ने मो. सोनू को पकड़ लिया, जबकि मो. मज्जम फरार होने में सफल रहा.

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और उसकी तलाश जारी है.

ये भी पढ़े : पुलिस हिरासत से भागी शराब तस्करी की आरोपी महिला, जमालपुर से हुई गिरफ्तार

पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

इतनी बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद होने और मामला गंभीर होने के बावजूद दोनों आरोपितों को केवल दो चौकीदारों की निगरानी में कोर्ट भेजे जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं.

स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि लाखों रुपये मूल्य की शराब बरामदगी के मामले में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होनी चाहिए थी. आरोपी के फरार होने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी चर्चा शुरू हो गई है.

क्या बोले पुलिस अधीक्षक

पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद ने बताया कि कोर्ट में पेशी के लिए ले जाने के दौरान दोनों आरोपितों ने हथकड़ी से हाथ निकालकर भागने का प्रयास किया था. पुलिस ने मो. सोनू को तुरंत गिरफ्तार कर लिया, जबकि मो. मज्जम फरार हो गया.

उन्होंने कहा कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये भी पढ़ें : 10 साल में रेलवे की कमाई बढ़ी, लेकिन अब भी सुविधाओं के लिए तरस रहा कटोरिया स्टेशन

विज्ञापन
AMIT KR SINHA

लेखक के बारे में

By AMIT KR SINHA

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन