पंजीयन शुल्क पांच सौ रुपये, पर्ची कटाने के बाद भी ले रहे मनमाना राशि

Updated at : 20 Feb 2025 7:48 PM (IST)
विज्ञापन
पंजीयन शुल्क पांच सौ रुपये, पर्ची कटाने के बाद भी ले रहे मनमाना राशि

जिला प्रशासन से इस भ्रष्टचार पर अविलंब रोक लगाने की मांग की.

विज्ञापन

मुक्तिधाम में भी राहत नहीं, मुखाग्नि देने के नाम पर किया जा रहा आर्थिक दोहन

नगर निगम के सशक्त स्थायी समिति सदस्य के सामने मृतक के परिजन से वसूला लिये 4100 रुपये

प्रतिनिधि, मुंगेर

नगर निगम मुंगेर की ओर से लालदरवाला श्मशान घाट और विद्युत शवदाह गृह का संचालित है, लेकिन यहां परिजनों के शव का दाह-संस्कार करने गये लोगों का मुखाग्नि देने के नाम पर जमकर आर्थिक दोहन किया जा रहा है. इस पर निगम प्रशासन भी रोक नहीं लगा पा रहा है. हद तो यह है कि बुधवार को शवयात्रा में शामिल निगम के सशक्त स्थाई समिति के सदस्य के सामने मुखाग्नि देने के नाम निर्धारित दर से अधिक की वसूली कर ली गयी.

500 रुपये देने के बाद भी देने पड़े 4100 रुपये

श्मशान घाट की व्यवस्था से आहत बड़ी दुर्गा संस्था के अध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने कहा कि नगर निगम की व्यवस्था में भ्रष्टाचार की गंदगी भरी हुई है. वे बुधवार को अपने चाचा के अंतिम संस्कार करने के लिए विद्युत शवदाह गृह पहुंचे थे. व्यवस्था के अनुरूप पंजीयन शुल्क के रूप में 500 रुपये देकर पर्चा कटाया. इसके बावजूद अग्नि देने वाले ने इस प्रकार प्रताड़ित किया कि अतिरिक्त 4100 रुपये देने पड़े. मेरे चाचा के शवयात्रा में निगम के सशक्त स्थाई समिति के सदस्य सुजित पोद्दार भी शामिल थे. उन्होंने भी कहा, लेकिन अग्निदाता को मुझे मुंह मांगी रकम देनी पड़ी. उन्होंने जिला प्रशासन से इस मामले में अविलंब कार्रवाई कर रोक लगाने की मांग की.

मेयर से मिलकर शिष्टमंडल ने जतायी नाराजगी

श्मशान घाट और विद्युत शवदाह गृह में नाजायज वसूली पर रोक लगाने को लेकर गुरुवार को मुंगेर सेवा मंच का शिष्टमंडल अशोक पटेल के नेतृत्व में नगर निगम कार्यालय में महापौर कुमकुम देवी से मिला. शिष्टमंडल में शामिल लोगों ने कहा कि श्मशान घाट व विद्युत शवदाह गृह में मुखाग्नि के नाम पर मृतक के परिजनों का आर्थिक दोहन किया जाता है. निगम प्रशासन द्वारा निर्धारित दर से कई गुणा अधिक राशि की वसूली की जा रही है. इस पर अविलंब रोक लगाने की जरूरत है. शिष्टमंडल में संजय कुमार बबलू, रविशंकर पांडेय, विशाल कुमार, सूरज, दीपक वर्मा शामिल थे.

————————————————–

बॉक्स

—————————————————

पहले इमोशनल ब्लैकमेलिंग, फिर शुरू रंगदारी, परिजनों को करना ही पड़ता है भुगतान

मुंगेर. शव का दाह संस्कार करने के लिए लोग लालदरवाजा श्मशान घाट और विद्युत शवदाह गृह पहुंचते हैं. मुंगेर के अलावे जमुई, लखीसराय, शेखपुरा से भी लोग शव का दाह-संस्कार करने यहां आते हैं. श्मशान घाट पहुंचने पर पहले से वहां मुखाग्नि देने के नाम पर परिजनों को इमोशनली ब्लैकमेल किया जाता है. कुछ लोग मृतक से भावनात्मक लगाव के कारण जितनी राशि मांगी जाती है, उतना का भुगतान कर देते हैं. वहीं कुछ हठी और गरीब तबके के लोग फंस जाते हैं. उनसे सामान की तरह मुखाग्नि देने के नाम पर दाम-मोल होता है. जब बात नहीं बनती है, तो फिर वहां रंगदारी शुरू हो जाती है. रोते-बिखलते परिजन मजबूरन निर्धारित राशि से कई गुणा अधिक राशि का भुगतान कर देते हैं.

——————————————————-

बॉक्स

—————————————————–

लगेगा शुल्क का बोर्ड, सीसीटीवी से होगी निगरानी : मेयर

मुंगेर.

मेयर कुमकुम देवी ने कहा कि नगर निगम बोर्ड की ओर से श्मशान घाट व विद्युत शवदाह गृह में शव के अंतिम संस्कार के लिए शुल्क निर्धारित है. प्रति शव मुखाग्नि के लिए 500 रुपये लिया जाना है. इससे अधिक राशि की वसूली करना पूरी तरह से गलत है. इस पर अंकुश लगाने के लिए नगर निगम की ओर से विद्युत शवदाह गृह और श्मशान घाट पर चार सीसीटीवी कैमरे लगाये जाएंगे. इसका कंट्रोल रूम विद्युत शवदाह गृह में बनाया जायेगा. इसके साथ ही मुखाग्नि के लिए निर्धारित दर का पोस्टर भी नगर निगम द्वारा श्मशान घाट व विद्युत शवदाह गृह के समीप लगाया जायेगा. इसके बावजूद मुखाग्नि के नाम पर आर्थिक दोहन की शिकायत मिलती है और सीसीटीवी फुटेज में आर्थिक दोहन का मामला सत्य प्रतीत होता है, तो वैसी स्थिति में नगर निगम बाध्य होकर श्मशान घाट की बंदोबस्ती करायेगा. इसके साथ ही वहां तैनात कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई भी की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन