श्रावणी मेला : कांवरियों को रेलवे का बड़ा तोहफा, कई ट्रेनों में अतिरिक्त कोच और सुल्तानगंज में स्पेशल ठहराव

कांवरिया स्पेशल ट्रेन की सांकेतिक तस्वीर.
Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 के मद्देनजर, भारतीय रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए हैं. कई ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल कोच जोड़े गए हैं और सुल्तानगंज स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बढ़ाया गया है.
Shravani Mela 2026 : 30 जुलाई से शुरू होने वाले विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर भारतीय रेलवे ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं. मालदा रेल मंडल के एपीआरओ रसराज मांझी ने बताया कि पूर्व रेलवे ने विभिन्न रेलखंडों पर चलने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों में अतिरिक्त जनरल सेकेंड क्लास कोच लगाने का निर्णय लिया है. इससे श्रावणी मेला के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी.
इन ट्रेनों में लगेंगे अतिरिक्त जनरल कोच
रेलवे के अनुसार 13415 अप मालदा–पटना एक्सप्रेस में 29 जुलाई से 28 अगस्त तक अतिरिक्त जनरल कोच लगाया जाएगा. इसी तरह 13416 डाउन पटना–मालदा टाउन एक्सप्रेस में 30 जुलाई से 29 अगस्त तक अतिरिक्त कोच रहेगा.
इसके अलावा 13409 अप मालदा टाउन–किऊल एक्सप्रेस तथा 13410 डाउन किऊल–मालदा टाउन एक्सप्रेस में भी 29 जुलाई से 28 अगस्त तक एक अतिरिक्त जनरल सेकेंड क्लास कोच लगाया जाएगा, ताकि कांवरियों को यात्रा में सुविधा मिल सके.
सुल्तानगंज स्टेशन पर मिलेगा विशेष ठहराव
श्रावणी मेला के दौरान कई महत्वपूर्ण एक्सप्रेस ट्रेनों का सुल्तानगंज रेलवे स्टेशन पर दो मिनट का अस्थायी ठहराव भी दिया जाएगा. 13423 अप भागलपुर–अजमेर वीकली एक्सप्रेस 30 जुलाई से 27 अगस्त तक सुल्तानगंज में रुकेगी.
इसी तरह 13429 अप मालदा टाउन–आनंद विहार वीकली एक्सप्रेस 31 जुलाई से 28 अगस्त तक, 13430 डाउन आनंद विहार–मालदा टाउन एक्सप्रेस 1 से 22 अगस्त तक तथा 13424 डाउन अजमेर–भागलपुर वीकली एक्सप्रेस भी 1 से 22 अगस्त तक सुल्तानगंज स्टेशन पर दो मिनट का ठहराव करेगी.
कामाख्या–गया एक्सप्रेस को भी मिला अस्थायी स्टॉपेज
रेलवे ने 15620 अप कामाख्या–गया वीकली एक्सप्रेस को 3 से 24 अगस्त तक तथा 15619 डाउन गया–कामाख्या एक्सप्रेस को 4 से 25 अगस्त तक सुल्तानगंज स्टेशन पर दो मिनट के लिए ठहराव देने का निर्णय लिया है. इससे पूर्वोत्तर भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी सुविधा मिलेगी.
कांवरियों की भीड़ को देखते हुए लिया गया फैसला
रेलवे अधिकारियों के अनुसार हर वर्ष श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लाखों में पहुंच जाती है. इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त कोच, विशेष ठहराव और अन्य परिचालन व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक हो सके.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By विजय कुमार गुप्ता
विजय कुमार गुप्ता 20 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. ये सामाजिक, राजनीतिक और आपराधिक नब्ज को करीब से समझते हैं. इन्हें डिजिटल मीडिया में नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल के साथ प्रयोग करना बेहद पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










