कुछ भी कर लो, नहीं टूटेगा भाईचारा

Updated:
विज्ञापन

लगभग तीन घंटे तक इलाके में रहा तनाव समाज के प्रबुद्ध लोग व प्रशासन ने अशांति फैलाने की कोशिश को किया नाकाम पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संभाला मोरचा, स्थिति पर नियंत्रण किया तातारपुर थाना में डीएम, एसएसपी सहित कई वरीय पदाधिकारी पहुंचे लोगों को शांति व सौहार्द बनाये रखने की अपील की भागलपुर : […]

विज्ञापन

लगभग तीन घंटे तक इलाके में रहा तनाव

समाज के प्रबुद्ध लोग व प्रशासन ने अशांति फैलाने की कोशिश को किया नाकाम
पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने संभाला मोरचा, स्थिति पर नियंत्रण किया
तातारपुर थाना में डीएम, एसएसपी सहित कई वरीय पदाधिकारी पहुंचे
लोगों को शांति व सौहार्द बनाये रखने की अपील की
भागलपुर : जब्बारचक और तातारपुर के अमन पसंद लोगों ने एक बार फिर असामाजिक तत्वों के शहर को अशांत करने के मंसूबे को नाकाम कर दिया.
दरअसल तातारपुर थाना क्षेत्र के जब्बारचक में मंगलवार की सुबह कुछ शरारती तत्वों ने एक धर्मस्थल पर आपत्तिजनक चीज फेंक दी थी. इसको लेकर स्थानीय लोग आक्रोशित हो गये थे. देखते ही देखते शहर में तरह-तरह की अफवाह फैलने लगी, लेकिन स्थानीय शांति समिति के लोगों ने आक्रोशित लोगों को शांत कराया और पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही तातारपुर इंस्पेक्टर अजय कुमार पुलिस जवान के साथ मौके पर पहुंचे.
मामले की गंभीरता को देख एसडीएम सदर कुमार अनुज और सिटी डीएसपी शहरियार अख्तर भी मौके पर पहुंचे. बाद में सीआरपीएफ और आरएएफ के जवानों और अधिकारियों ने भी मोरचा संभाल लिया और लगभग एक घंटे में स्थिति को नियंत्रित कर लिया.
तातारपुर थाना में बैठक
मामले को लेकर तातारपुर थाना में जिलाधिकारी आदेश तितरमारे और एसएसपी विवेक कुमार के साथ शांति समिति के सदस्यों ने बैठक की. डीएम ने जब्बारचक और ततारपुर इलाके के लोगों की सराहना की. उन्होंने कहा कि शरारती तत्वों की मंशा को विफल करने में वहां के शांति पसंद लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
उन्होंने लोगों से अपील की कि व्हाट्स एप और फेसबुक जैसे सोशल मीडिया माध्यमों से किसी तरह की अफवाह फैलने से रोकें. उन्होंने लोगों से कहा कि शांति व्यवस्था कायम करने में प्रशासन हमेशा उनके साथ है. एसएसपी विवेक कुमार ने भी अफवाह को रोकने में स्थानीय लोगों के महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की.
उन्होंने कहा कि अफवाहों को रोकने में स्थानीय लोगों ने जो तत्परता दिखायी है वह सराहनीय है. उन्होंने थानों में शांति समिति की बैठक कराने की भी बात कही. बैठक के दौरान सिटी एसपी अवकाश कुमार और एडीएम भी मौजूद थे.
क्या है मामला
जब्बारचक स्थित एक धर्मस्थल पर मंगलवार की सुबह असामाजिक तत्वों ने आपत्तिजनक चीज फेंक दी थी. जब स्थानीय लोगों को इसकी जानकारी मिली तो वे धर्मस्थल के पास जमा होने लगे. सूचना मिलते ही मुहल्ले के अमन पसंद लोग और शांति समिति के सदस्य भी मौके पर पहुंच गये. तब तक तरह-तरह की अफवाह फैलने लगी थी.
लोग भी आक्रोशित होने लगे थे. लेकिन शांति समिति के सदस्यों ने सूझ-बूझ का परिचय देते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराया और मामले की सूचना पुलिस को दी. इसके बाद मौके पर पहुंचे अधिकारियों और शांति समिति के सदस्यों के हस्तक्षेप से मामला शांत कराया गया.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन