नेपाल जाने के दौरान रक्सौल बॉर्डर पर दो उज़्बेकिस्तानी महिलाएं हिरासत में, जांच में जुटीं सुरक्षा एजेंसियां
जांच के दौरान हिरासत में उज़्बेकिस्तानी महिलाएं
रक्सौल बॉर्डर पर भारत से नेपाल जाने के दौरान दो उज़्बेकिस्तानी महिलाओं को एसएसबी ने हिरासत में लिया. पुलिस यात्रा दस्तावेज, वीजा और भारत में ठहरने की अवधि समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
रक्सौल से मनोज गुप्ता की रिपोर्ट
Raxaul News: भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता के बीच रक्सौल बॉर्डर से दो उज़्बेकिस्तानी महिलाओं को हिरासत में लिया गया है. दोनों महिलाएं भारत से नेपाल जाने का प्रयास कर रही थीं. प्रारंभिक जांच में उनके भारत में रहने की वैधता और यात्रा दस्तावेजों को लेकर जांच शुरू की गई है.
मैत्री पुल के पास SSB ने दोनों महिलाओं को रोका
जानकारी के अनुसार हरैया थाना क्षेत्र के कस्टम चौक स्थित मैत्री पुल के समीप 47वीं वाहिनी एसएसबी के जवानों ने जांच के दौरान दो विदेशी महिलाओं को रोका. पूछताछ के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें अग्रिम कार्रवाई के लिए हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया गया.
हिरासत में ली गई महिलाओं की पहचान 32 वर्षीय मखफूजा देखकोनोवा, निवासी फरगना (उज़्बेकिस्तान) और 35 वर्षीय मफतुना किलिचेवा, निवासी समरकंद (उज़्बेकिस्तान) के रूप में हुई है.
यात्रा दस्तावेज और भारत में ठहरने की हो रही जांच
हरैया थानाध्यक्ष किशन कुमार पासवान ने बताया कि दोनों विदेशी महिलाओं से पूछताछ की जा रही है. पुलिस उनके पास मौजूद यात्रा दस्तावेज, भारत में प्रवेश का रिकॉर्ड, वीजा की वैधता, ठहरने की अवधि और नेपाल जाने के उद्देश्य सहित अन्य पहलुओं की गहन जांच कर रही है.
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: SSB के नाम पर साइबर ठगी का गिरोह सक्रिय, सीमावर्ती इलाकों के व्यापारी निशाने पर
भारत-नेपाल सीमा पर लगातार बढ़ाई गई निगरानी
भारत-नेपाल की खुली सीमा होने के कारण रक्सौल बॉर्डर सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है. हाल के महीनों में विभिन्न देशों के विदेशी नागरिकों से जुड़े कई मामले सामने आने के बाद एसएसबी, स्थानीय पुलिस, इमिग्रेशन और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी और जांच अभियान तेज कर दिया है.
सीमा से गुजरने वाले संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, दस्तावेजों की जांच और गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है. सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि सीमा पर चौकसी आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










