मोतिहारी: चार दिन से फरार नवविवाहिता मोतिहारी स्टेशन से बरामद, जेवर व नकदी जब्त
रेलवे स्टेशन से बरामद नवविवाहिता और उसके पास से जब्त किए गए आभूषण
मोतिहारी के कल्याणपुर थाना क्षेत्र से चार दिन पूर्व जेवर और नकदी लेकर लापता हुई नवविवाहिता को पुलिस ने मोतिहारी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया. महिला के पास से कई आभूषण और पांच हजार रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं. पढ़ें पूरी खबर…
कल्याणपुर (मोतिहारी) से सुबोध कुमार सिंह की रिपोर्ट
Motihari News: कल्याणपुर थाना क्षेत्र के कुंवरपुर गांव से चार दिन पूर्व घर में रखे जेवरात और नकदी लेकर लापता हुई नवविवाहिता को पुलिस ने मोतिहारी रेलवे स्टेशन से बरामद कर लिया है. बरामदगी के बाद पुलिस ने महिला को न्यायालय में बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया के लिए भेज दिया है.
परिजनों ने दर्ज कराया था आवेदन
जानकारी के अनुसार कुंवरपुर गांव निवासी सुनील भगत ने स्थानीय थाने में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि उनकी बहू अर्चना कुमारी घर में रखे सोना-चांदी के आभूषण और नकदी लेकर किसी के साथ चली गई है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी.
पिता ने भी जताई थी अनहोनी की आशंका
इधर, अर्चना कुमारी के पिता बिंदा कुशवाहा, जो चिरैया थाना क्षेत्र के सरौगढ़ गांव के निवासी हैं, ने भी थाने में आवेदन देकर आशंका जताई थी कि उनकी पुत्री के साथ मारपीट कर उसकी हत्या की जा सकती है. दोनों पक्षों के आवेदन के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी.
गुप्त सूचना पर स्टेशन से हुई बरामदगी
थानाध्यक्ष विनीत कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मोतिहारी रेलवे स्टेशन पर छापेमारी कर अर्चना कुमारी को बरामद कर लिया.
महिला के पास से सोने जैसा एक मंगलसूत्र, एक नेपाली मंगलसूत्र, मांगटीका, नाक की नथिया, छोटा मंगलसूत्र, ढोलना, अंगूठी, नथुनी, कान की बाली, पायल, बिछिया, हाथ का हथशंकर, कमरबंद तथा पांच हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं.
जेवर और नकदी पुलिस ने लिया कब्जे में
पुलिस ने बरामद सभी आभूषण और नकदी को अपने कब्जे में ले लिया है. मामले की जांच जारी है और बरामद सामान के संबंध में भी आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है.
न्यायालय में दर्ज होगा बयान
थानाध्यक्ष ने बताया कि महिला को न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराने के लिए मोतिहारी भेज दिया गया है. उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. घटना को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










