Motihari News: गांधी मैदान में पुलिस चौकी के सामने बाइक चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Motihari News -Gandhi-Maidan-Bike-Theft-Sp-Swarn-Prabhat-Suspended-Police-Top-Incharge
Motihari News: मोतिहारी के गांधी मैदान में सुबह की सैर पर आए व्यक्ति की लाल अपाचे बाइक चोरी. पुलिस चौकी के सामने हुई वारदात पर एसपी स्वर्ण प्रभात का कड़ा एक्शन, टीओपी प्रभारी और गार्ड निलंबित.जानिए खबर विस्तार से…
Motihari News: जिला मुख्यालय स्थित ऐतिहासिक गांधी मैदान परिसर से सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बेखौफ उच्चकों ने आज सुबह मॉर्निंग वॉक (सुबह की सैर) करने आए एक व्यक्ति की लाल रंग की अपाचे मोटरसाइकिल दिनदहाड़े उड़ा ली. हैरान करने वाली बात यह है कि चोरी की यह वारदात गांधी मैदान की सुरक्षा को लेकर हाल ही में स्थापित की गई पुलिस आउट पोस्ट (टीओपी) के ठीक सामने अंजाम दी गई. इस दुस्साहसिक चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है.
सुरक्षा व्यवस्था की खुली पोल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रोजाना की तरह आज सुबह भी बड़ी संख्या में शहर के लोग गांधी मैदान में टहलने और व्यायाम करने पहुंचे थे. इसी दौरान एक व्यक्ति अपनी लाल रंग की अपाचे बाइक को पुलिस चौकी के समीप खड़ी कर ट्रैक पर टहलने चला गया. इसी बीच घात लगाए बैठे शातिर चोरों ने मौका पाकर पुलिस की मौजूदगी के बावजूद पलक झपकते ही बाइक का लॉक तोड़ा और उसे लेकर फरार हो गया. जब व्यक्ति टहलकर वापस लौटा, तो अपनी बाइक गायब देख उसके होश उड़ गए. वीआईपी और सुरक्षित माने जाने वाले इस जोन में हुई इस वारदात से वहां मौजूद अन्य नागरिकों में भी अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई.
कर्तव्यहीनता के आरोप में गिड़ी गाज
सुरक्षित और सार्वजनिक स्थल पर हुई इस बड़ी लापरवाही की खबर जैसे ही जिला पुलिस कप्तान तक पहुंची, उन्होंने मामले को बेहद गंभीरता से लिया. मोतिहारी के पुलिस अधीक्षक (SP) स्वर्ण प्रभात ने तत्काल प्रभाव से कड़ा एक्शन लेते हुए कर्तव्यहीनता और सुरक्षा में घोर लापरवाही बरतने के आरोप में संबंधित टीओपी प्रभारी (टाउन आउट पोस्ट इंचार्ज) और उस वक्त मौके पर ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है. एसपी की इस त्वरित और सख्त कार्रवाई से पूरे पुलिस महकमे में खलबली मच गई है.
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया:
गांधी मैदान जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण, सार्वजनिक और संवेदनशील स्थान पर आम जनता की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की ढिलाई या चूक को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. जो भी अधिकारी या जवान अपनी ड्यूटी के प्रति लापरवाह पाए जाएंगे, उन पर इसी तरह सख्त विभागीय कार्रवाई होगी. गांधी मैदान और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक चाक-चौबंद व मजबूत किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम लोग पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर सकें.
सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी पुलिस
फिलहाल, स्थानीय थाना पुलिस और जिला पुलिस की टेक्निकल सेल मामले की सघन जांच में जुटी है. पुलिस चौकी और गांधी मैदान के चारों तरफ प्रवेश द्वारों पर लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है ताकि चोरों के हुलिए और भागने की दिशा को चिन्हित कर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जा सके.
मोतिहारी से सच्चिदानंद सत्यार्थी की रिपोर्ट
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










