'भरत तिवारी का बदला लेने' वाले वायरल वीडियो पर कार्रवाई, मोतिहारी का सिपाही सस्पेंड
प्रतीकात्मक AI तस्वीर
भोजपुर के बिलौटी कांड के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए कथित 'भरत तिवारी का बदला लेने' वाले वीडियो को लेकर मोतिहारी जिला बल के सिपाही आशीष कुमार तिवारी को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है.
मोतिहारी से अमरेश वर्मा की रिपोर्ट
Motihari News: भोजपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव की चर्चित घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर पूर्वी चंपारण पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. वीडियो में कथित तौर पर बदला लेने जैसी बातें सामने आने के बाद मोतिहारी जिला बल में तैनात सिपाही आशीष कुमार तिवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है.
एसपी बोले- सरकारी सेवक आचार नियमावली का हुआ उल्लंघन
एसपी स्वर्ण प्रभात ने बताया कि सिपाही आशीष कुमार तिवारी ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित कर बिहार सरकारी सेवक आचार (संशोधन) नियमावली, 2026 का गंभीर उल्लंघन किया है.
पुलिस उपाधीक्षक (शिक्षा), पुलिस केंद्र मोतिहारी की जांच रिपोर्ट में उनके आचरण को अनुशासनहीनता, मनमानी और सरकारी सेवक के अनुरूप नहीं पाया गया. जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्हें अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, लेकिन उनका स्पष्टीकरण संतोषजनक नहीं पाया गया.
इसके बाद उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई.
पुलिस विभाग ने दिया सख्त संदेश
पुलिस विभाग का कहना है कि सरकारी सेवा में रहते हुए सोशल मीडिया पर अनुशासनहीनता या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करना स्वीकार्य नहीं है. इस कार्रवाई को पुलिस विभाग की अनुशासन संबंधी सख्ती के रूप में देखा जा रहा है.
बिलौटी कांड के बाद वायरल वीडियो पर हुई इस कार्रवाई की पूरे पुलिस महकमे में चर्चा है.
यह भी पढ़ें: मुहर्रम जुलूस में दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प, कई लोग घायल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Sarfaraz Ahmad
सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










