मोतिहारी में सड़क हादसे में किराना व्यवसायी की मौत, अज्ञात पिकअप ने बाइक को मारी टक्कर

व्यवसायी की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद जिहुली गांव स्थित घर पर जुटे ग्रामीण
Motihari Accident News: मोतिहारी के पताही थाना क्षेत्र में किराना व्यवसायी राम अयोध्या साह की सड़क हादसे में मौत हो गई. पचपकड़ी बाजार से घर लौटते समय अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी.
मोतिहारी के पताही से विकास कुमार सिह की रिपोर्ट
Motihari Accident News: पूर्वी चंपारण के पताही थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में किराना व्यवसायी की मौत हो गई. पचपकड़ी बाजार से दुकान बंद कर घर लौट रहे 45 वर्षीय राम अयोध्या साह की बाइक को तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने टक्कर मार दी. गंभीर रूप से घायल व्यवसायी ने इलाज के दौरान मोतिहारी सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया.
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे व्यवसायी
मृतक की पहचान पताही थाना क्षेत्र के जिहुली गांव निवासी 45 वर्षीय राम अयोध्या साह के रूप में हुई है. वह वर्षों से पचपकड़ी बाजार में किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे.
रविवार रात दुकान बंद करने के बाद वह मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान हनुमान मंदिर के समीप तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.
ये भी पढ़ें: बिहार सरकार अब युवाओं को देगी 6 हजार रुपये, इंटर्नशिप करने का मिला सुनहरा मौका
इलाज के दौरान हुई मौत
हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया.
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
परिवार में मचा कोहराम
मौत की खबर मिलते ही जिहुली गांव स्थित उनके घर में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि राम अयोध्या साह मेहनत-मजदूरी और अपनी किराना दुकान के सहारे पूरे परिवार का पालन-पोषण करते थे.
पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
घटना की सूचना मिलते ही पचपकड़ी थाना पुलिस सदर अस्पताल पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया.
आवेदन मिलने पर दर्ज होगी एफआईआर
जिहुली पंचायत के मुखिया विकास कुमार ने सड़क दुर्घटना में व्यवसायी की मौत पर दुख जताते हुए प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित सहायता देने की मांग की है.
पचपकड़ी थानाध्यक्ष उत्तम कुमार ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हुई है. फिलहाल इस मामले में कोई लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. आवेदन मिलने के बाद अज्ञात वाहन और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें: 1600 घरों की रोटियों से मिल रहा गौ माताओं को सहारा, पटना में मिसाल बनी रोटी बैंक सेवा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










