नई दिल्ली में एमजीसीयू का जलवा, राष्ट्रीय एक्सपो-2026 में जीता प्रथम पुरस्कार

Updated:
विज्ञापन
कार्यक्रम में एमजीसीयू का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभागी व शिक्षक | Prabhat Khabar Network

कार्यक्रम में एमजीसीयू का प्रतिनिधित्व करने वाले प्रतिभागी व शिक्षक

मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026' में विश्वविद्यालय को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया है. यह सम्मान शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और छात्र-केंद्रित कार्यक्रमों के लिए दिया गया.

विज्ञापन

Mahatma Gandhi Central University: मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय (एमजीसीयू) ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है. नई दिल्ली के भारत मंडपम में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित 'गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026' में विश्वविद्यालय को प्रथम पुरस्कार से सम्मानित किया गया.

यह सम्मान विश्वविद्यालय को शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार आधारित पहलों, मजबूत शोध वातावरण और छात्र-केंद्रित शैक्षणिक कार्यक्रमों के प्रभावी प्रदर्शन के लिए प्रदान किया गया.

तीन दिनों तक आकर्षण का केंद्र रहा एमजीसीयू का स्टॉल

तीन दिवसीय राष्ट्रीय एक्सपो के दौरान एमजीसीयू के प्रदर्शनी स्टॉल पर विद्यार्थियों, अभिभावकों, शिक्षाविदों, शोधार्थियों तथा केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों का लगातार आगमन रहा.

आगंतुकों ने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, आधुनिक अधोसंरचना, शोध सुविधाओं और गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता की सराहना की.

प्रवेश और नए कोर्स की दी गई जानकारी

विश्वविद्यालय की ओर से डॉ. उमेश पात्रा ने प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया. उन्होंने आगंतुकों को विभिन्न शैक्षणिक कार्यक्रमों, शोध सुविधाओं और प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी.

प्रदर्शनी का प्रमुख आकर्षण शैक्षणिक परामर्श सत्र रहा, जिसमें विद्यार्थियों और अभिभावकों को शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश संबंधी जानकारी दी गई.

इस दौरान राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के अनुरूप शुरू किए गए पाँच वर्षीय एकीकृत स्नातक-स्नातकोत्तर (इंटीग्रेटेड यूजी-पीजी) कार्यक्रमों की विशेष जानकारी भी साझा की गई. विश्वविद्यालय ने बताया कि ये कार्यक्रम बहुविषयक अध्ययन, शैक्षणिक लचीलापन और शोध आधारित शिक्षा को बढ़ावा देते हैं.

पूर्व छात्रों ने भी जताई खुशी

एमजीसीयू के स्टॉल पर विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र डॉ. कृष्ण कुमार, डॉ. सूरज जायसवाल और श्रवण कुमार शर्मा भी पहुंचे. उन्होंने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए विश्वविद्यालय परिवार को बधाई दी.

देश के कई प्रतिष्ठित संस्थानों ने लिया हिस्सा

यह एक्सपो देश के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों और सार्वजनिक संगठनों के बीच संवाद और सहयोग का महत्वपूर्ण मंच बना. इसमें बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू), राजीव गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, डॉ. बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय, दिल्ली, इग्नू, एनआईटी जमशेदपुर, एनआईटी मिजोरम, सीएसआईआर, केंद्रीय शास्त्रीय तमिल संस्थान, दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन, ओएमएफईडी और उद्यानिकी विभाग सहित कई संस्थानों ने भाग लिया.

कुलपति ने कहा- पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण

इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कुलपति प्रो. संजय श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के इस प्रतिष्ठित एक्सपो में प्रथम पुरस्कार प्राप्त करना महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है.

उन्होंने कहा कि यह सम्मान शैक्षणिक उत्कृष्टता, नवाचार और प्रभावी जनसंपर्क के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता का प्रमाण है. साथ ही यह राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण और भविष्य उन्मुख शिक्षा प्रदान करने के विश्वविद्यालय के संकल्प को और मजबूत करता है.


विज्ञापन
अमृतेश कुमार

लेखक के बारे में

By अमृतेश कुमार

अमृतेश 15 वर्षों से प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में सक्रिय हैं. खबर पर हमेशा पैनी नजर रखने वाले अमृतेश को क्षेत्रीय और जमीनी स्तर की रिपोर्टिंग का लंबा अनुभव है. वर्तमान में ये डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में अपनी लेखनी के जरिए लगातार सक्रिय हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन