कहीं स्टॉक नहीं, कहीं रिकॉर्ड में गड़बड़ी... किसानों की शिकायत पर खाद दुकानों की हुई जांच

Updated:
विज्ञापन
छापेमारी के दौरान कृषि विभाग के अधिकारी | Prabhat Khabar Network

छापेमारी के दौरान कृषि विभाग के अधिकारी

किसानों को समय पर यूरिया न मिलने की शिकायतों पर कृषि विभाग ने रक्सौल के आदापुर क्षेत्र में कई खाद दुकानों पर छापेमारी की. कुछ दुकानों में रिकॉर्ड में गड़बड़ी मिली, तो कुछ में खाद का स्टॉक ही नहीं मिला.

विज्ञापन

Raxaul Fertilizer Inspection: रक्सौल अनुमंडल के आदापुर क्षेत्र में किसानों को समय पर और उचित मूल्य पर यूरिया उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की. जिला कृषि पदाधिकारी के निर्देश पर अधिकारियों की टीम ने प्रखंड की करीब आधा दर्जन उर्वरक दुकानों पर औचक छापेमारी कर खाद की उपलब्धता और अभिलेखों की जांच की.

यह कार्रवाई स्थानीय जिला पार्षद रूबी देवी की पहल पर की गई, जिन्होंने किसानों को खाद की किल्लत से राहत दिलाने की मांग उठाई थी.

कई दुकानों में मिली अनियमितता

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी निर्भय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान सागर खाद बीज भंडार, श्यामपुर बाजार के वितरण पंजी का रखरखाव संतोषजनक नहीं पाया गया. अधिकारियों ने विक्रेता को रिकॉर्ड तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश दिया.

वहीं गुलशन एंटरप्राइजेज, मूर्तियां की दुकान बंद मिली. दुकान के बाहर साइन बोर्ड भी नहीं लगा था. इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित विक्रेता से स्पष्टीकरण मांगा गया है.

दो दुकानों में नहीं मिला खाद का स्टॉक

जांच के दौरान गणपति ट्रेडर्स, श्यामपुर चौक और विजय खाद बीज भंडार, श्यामपुर बाजार में खाद का कोई स्टॉक उपलब्ध नहीं मिला.

वहीं कुशवाहा खाद बीज भंडार, भवनरी की जांच में दुकान का वितरण पंजी अद्यतन पाया गया.

किसानों को राहत दिलाना प्राथमिकता

जांच अभियान में अनुमंडल कृषि पदाधिकारी निर्भय कुमार मिश्रा के साथ प्रखंड कृषि पदाधिकारी विनय कुमार, कृषि समन्वयक अनवर आलम, अजय ठाकुर सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

कालाबाजारी पर रहेगी नजर

जिला पार्षद रूबी देवी ने कहा कि खेती के इस महत्वपूर्ण समय में किसानों को यूरिया की कमी नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने बताया कि किसानों के हित में कृषि विभाग के अधिकारियों से लगातार संपर्क किया जा रहा है, ताकि यूरिया की कालाबाजारी और कृत्रिम किल्लत पर रोक लगाई जा सके.

उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को पर्याप्त मात्रा में और निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध हो सके.


विज्ञापन
Prabhat Khabar News Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन