पंचायत चुनाव से पहले एक्शन में एसपी, कोटवा थाना पहुंचकर दिए सख्त निर्देश; स्पिरिट माफियाओं पर चलेगा अभियान

थाने का निरीक्षण का एसपी स्वर्ण प्रभात
एसपी स्वर्ण प्रभात ने कोटवा थाना का निरीक्षण कर कानून-व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए. उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने और स्पिरिट माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा.
Kotwa Spirit Mafia: पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने सोमवार शाम को कोटवा थाना का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए.
मेस, अभिलेख और वाहनों की जांच
निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना में संचालित मेस, प्रस्तावित डाइनिंग हॉल के लिए चयनित स्थल, अभिलेखों के रखरखाव और जब्त एवं सरकारी वाहनों की स्थिति की समीक्षा की.
उन्होंने निर्देश दिया कि सभी वाहनों का नियमित रखरखाव और साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उनका तुरंत उपयोग किया जा सके.
पंचायत चुनाव को लेकर विशेष सतर्कता
आगामी पंचायत चुनाव को देखते हुए एसपी ने थाना क्षेत्र में विशेष चौकसी बरतने के निर्देश दिए.
उन्होंने संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त बढ़ाने, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने को कहा.
स्पिरिट माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
एसपी स्वर्ण प्रभात ने अवैध शराब और स्पिरिट के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण, भंडारण और तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाए.
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने का निर्देश दिया.
लंबित मामलों के जल्द निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान एसपी ने लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन, फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ लोगों का भरोसा कायम रखना भी पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है.
यह भी पढ़ें: पहले शादी का झांसा, फिर कोर्ट मैरिज... अब 5 लाख दहेज नहीं देने पर घर से निकालने का आरोप
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










