Kotwa News: अवैध खाद भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 50 बोरा यूरिया जब्त

अवैध खाद भंडारण के खिलाफ छापेमारी करती प्रशासनिक टीम
कोटवा प्रखंड में अवैध खाद भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. छापेमारी में 50 बोरा यूरिया जब्त किया गया है. कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी.
Kotwa News: प्रखंड क्षेत्र में अवैध खाद भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को संयुक्त छापेमारी अभियान चलाया. प्रखंड विकास पदाधिकारी चिरंजीवी पाण्डेय, प्रखंड कृषि पदाधिकारी विकाश कुमार और थानाध्यक्ष मुकेश कुमार के नेतृत्व में हुई कार्रवाई में 50 बोरा यूरिया खाद बरामद किया गया.
गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
प्राप्त जानकारी के अनुसार कोटवा थाना को सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र के जागीरहा कोठी निवासी लखविंदर राय के घर में अवैध रूप से यूरिया खाद का भंडारण कर कालाबाजारी की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर छापेमारी की.
वैध कागजात नहीं दिखा सके
तलाशी के दौरान घर से 50 बोरा यूरिया खाद बरामद हुआ. मौके पर खाद के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके, जिसके बाद पूरी खेप को जब्त कर लिया गया. संबंधित व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है.
कालाबाजारी नेटवर्क की जांच
प्रशासन यह पता लगाने में जुटा है कि बरामद यूरिया कहां से लाया गया था और इसकी आपूर्ति किन लोगों तक की जानी थी.
प्रखंड कृषि पदाधिकारी विकाश कुमार ने कहा कि किसानों के लिए निर्धारित उर्वरकों की कालाबाजारी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
वहीं बीडीओ चिरंजीवी पाण्डेय ने बताया कि मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खाद भंडारण और कालाबाजारी के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें: मोतिहारी में पप्पू यादव के विरोध में विहिप और बजरंग दल का प्रदर्शन, गांधी चौक पर फूंका पुतला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










