नेपाल के बारा जिले में निकली विशाल सद्भाव रैली, शांति और भाईचारे का दिया संदेश

कलैया में निकाली गई शांति सद्भाव रैली में शामिल लोग. | Prabhat Khabar Network
पूर्वी तराई-मधेश में तनाव के बीच नेपाल के बारा जिले में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को बढ़ावा देने के लिए एक विशाल सद्भाव रैली का आयोजन किया गया. इस रैली में विभिन्न धार्मिक, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के लगभग 350-400 लोगों ने भाग लिया, जिसका उद्देश्य आपसी एकता का संदेश देना था.
Nepal News: सुनसरी की घटना के बाद पूर्वी तराई-मधेश के विभिन्न जिलों में बने तनावपूर्ण माहौल के बीच शनिवार को नेपाल के बारा जिले में सामाजिक सौहार्द, धार्मिक सहिष्णुता और आपसी भाईचारे का संदेश देने के लिए विशाल सद्भाव रैली निकाली गई. जिला प्रशासन कार्यालय, बारा परिसर से प्रमुख जिला अधिकारी धर्मेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में रैली की शुरुआत हुई.
विभिन्न वर्गों के लोगों ने लिया भाग
रैली में विभिन्न धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, अलग-अलग धर्मों के अनुयायी, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, नागरिक समाज, मानवाधिकार कार्यकर्ता, पत्रकार, टोल विकास संस्थाओं, गैरसरकारी संगठनों, सरकारी अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों के प्रतिनिधियों सहित लगभग 350 से 400 लोगों ने भाग लिया.
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सद्भाव रैली कलैया बाजार के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सामाजिक एकता और धार्मिक सहिष्णुता का संदेश देती रही. कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए नेपाल पुलिस, सशस्त्र पुलिस बल, नेपाली सेना और प्रदेश ट्रैफिक पुलिस की संयुक्त सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई.
जिला पुलिस के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था में नेपाल पुलिस के 50, सशस्त्र पुलिस बल के 20, नेपाली सेना के 10 और प्रदेश ट्रैफिक पुलिस के 15 जवानों सहित कुल 95 सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे.
निजगढ़ में भी निकली शांति रैली
इधर, बारा जिले के निजगढ़ में भी सर्वपक्षीय सद्भाव समूह के बैनर तले अलग से शांति एवं सद्भाव रैली निकाली गई. शहीद चौक से शुरू हुई रैली लीचीबोट होते हुए पुराने सिनेमा हॉल मार्ग से बुद्ध चौक पहुंचकर संपन्न हुई. इसमें करीब 200 लोगों ने भाग लिया.
पुलिस ने कहा, स्थिति पूरी तरह सामान्य
निजगढ़ रैली की सुरक्षा के लिए इलाका प्रहरी कार्यालय निजगढ़, इलाका प्रहरी कार्यालय कोल्हबी और सशस्त्र पुलिस बल के कुल 47 सुरक्षाकर्मी तैनात रहे. जिला पुलिस कार्यालय बारा ने बताया कि कलैया और निजगढ़ दोनों स्थानों पर आयोजित सद्भाव रैलियां पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुईं. जिले में कानून-व्यवस्था सामान्य है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है.
यह भी पढ़ें: नेपाल में तनाव के बीच जनकपुरधाम में निकली हिंदू–मुस्लिम सद्भाव रैली
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By मनोज कुमार गुप्ता
मनोज कुमार गुप्ता बीते 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. वह प्रिंट, रेडियो और डिजिटल माध्यमों का व्यापक अनुभव रखते हैं. वर्तमान में भारत-नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्र से रिपोर्टिंग करते हुए अंतरराष्ट्रीय संबंधों, सीमा सुरक्षा और नेपाल की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं. सामाजिक सरोकारों में गहरी रुचि के साथ वे क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के प्रयासों के लिए जाने जाते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










