Harsiddhi News: उर्वरक दुकानों पर छापेमारी, कई दुकानें रहीं बंद लाइसेंस और स्टॉक जांच से दुकानदारों में हड़कंप

प्रखंड क्षेत्र की उर्वरक दुकानों पर प्रशासन और कृषि विभाग की सघन जांच अभियान चल रहा है. इस कार्रवाई से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है, वहीं खाद नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
Fertilizer Shop Checking: प्रखंड क्षेत्र में उर्वरक दुकानों पर प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है. हरसिद्धि बाजार सहित आसपास के इलाकों में उर्वरक दुकानों की जांच शुरू होने से दुकानदारों में हड़कंप मच गया है.
लाइसेंस और स्टॉक की हो रही जांच
जांच के दौरान दुकानों के लाइसेंस, स्टॉक पंजी, गोदाम में उपलब्ध उर्वरक की मात्रा, बिक्री पंजी तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जा रही है. प्रशासनिक और कृषि विभाग की टीम की कार्रवाई की सूचना मिलते ही हरसिद्धि बाजार की कई उर्वरक दुकानें बंद हो गईं.
खाद नहीं मिलने से किसानों की बढ़ी चिंता
दुकानें बंद रहने के कारण खाद खरीदने पहुंचे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा. किसान जरूरत के अनुसार उर्वरक लेने के लिए एक दुकान से दूसरी दुकान का चक्कर लगाते रहे. धान की फसल में खाद की आवश्यकता के बीच दुकानों के बंद रहने से किसानों की चिंता बढ़ गई है.
नियमों का उल्लंघन मिलने पर होगी कार्रवाई
उर्वरक दुकानदारों का कहना है कि कृषि विभाग विभिन्न कंपनियों के कीटनाशक एवं अन्य कृषि उत्पादों के लाइसेंस की भी जांच कर रहा है. जिन उत्पादों के लिए आवश्यक लाइसेंस उपलब्ध नहीं होगा, उनके विरुद्ध कार्रवाई की आशंका है.
प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं कृषि पदाधिकारी के नेतृत्व में चल रहे अभियान में उर्वरक की उपलब्धता, स्टॉक और बिक्री रिकॉर्ड का मिलान भी किया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि अरेराज एसडीओ के निर्देश पर यह जांच अभियान चलाया जा रहा है. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
किसानों ने सुचारु बिक्री की मांग की
किसानों का कहना है कि धान की फसल में समय पर उर्वरक का प्रयोग जरूरी है. यदि समय पर खाद नहीं मिली तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है. किसानों ने प्रशासन से जांच के साथ-साथ अधिकृत दुकानों पर उर्वरक की उपलब्धता और बिक्री भी सुनिश्चित कराने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: प्रेम प्रसंग में युवक ने सिकरहना पुल से लगाई छलांग, डूबने से मौत; परिजनों में मचा कोहराम
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










