बिहार, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में कई डकैतियों का शातिर पटना से गिरफ्तार, पहचान छिपा कर ले रखा था कमरा
Published by : Prabhat Khabar News Desk Updated At : 04 Jun 2023 2:05 AM
पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना जिले में एक दुकान में लूट का विरोध करने पर दुकानदार को गोली मार कर भागा आरोपी पटना में रह रहा था. उसने अपनी पहचान छुपकर किराये पर मकान भी ले रखा था. पश्चिम बंगाल और जक्कनपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी कर उसे पकड़ लिया है.
पटना. ओडिशा, पश्चिम बंगाल व बिहार में कई लूटकांड को अंजाम देने वाले शातिर आशीष कुमार को पुलिस ने पटना के न्यू करबिगहिया इलाके से शनिवार की रात को गिरफ्तार कर लिया है. आशीष को पश्चिम बंगाल और जक्कनपुर थाने की पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई कार्रवाई में पकड़ा. आशीष अपनी पहचान को छिपा कर पटना में किराये का एक कमरा लेकर रह रहा था और मकान मालिक को केवल यह जानकारी दी थी कि वह एक निजी कंपनी में काम करता है.
आशीष ने अप्रैल माह में पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना जिले में एक दुकान में लूट का विरोध करने पर दुकानदार को गोली मार दी थी. इस मामले में आशीष का नाम सामने आया था और पश्चिम बंगाल पुलिस इसकी तलाश में लगी थी. इसी बीच इसका लोकेशन न्यू करबिगहिया इलाके में मिला और फिर जक्कनपुर पुलिस की सहायता से छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
आरोपी ने पटना के जक्कनपुर, गोपालपुर, बुद्धा कॉलोनी व पीरबहोर इलाके में भी कई लूट की घटनाओं को अंजाम दिया है. बुद्धा कॉलोनी से यह जेल भी जा चुका है. यह मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है. इसने ओडिशा में कई घटनाओं को अंजाम दिया और अपना ठिकाना पटना बना लिया. जब पटना पुलिस ने इसे जेल भेजा और जमानत पर छूट कर निकला तो पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना जिले में अपना नया ठिकाना बना लिया. वहां भी कई लूट की घटनाओं को अंजाम देकर यह वापस पटना चला आया था.
जक्कनपुर थानाध्यक्ष सुदामा प्रसाद सिंह ने बताया कि पश्चिम बंगाल के चौबीस परगना में लूट के दौरान दुकानदार को गोली मारने के केस में आरोपी को पकड़ा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










