मधुबनी: बाबूबरही मिडिल स्कूल के गेट पर तीन फीट ऊंचा नाला, बच्चों और स्थानीय लोगों का निकलना हुआ मुश्किल

Updated:
विज्ञापन

मध्य विधालय के मुख्य गेट पर तीन फीट उंचा नाला

Madhubani Public Protest: बाबूबरही बाजार में पीडब्ल्यूडी की लापरवाही से छह महीने बाद भी नाला निर्माण अधूरा है.सड़क से तीन फीट ऊंचे बने नाले के कारण मुख्य मोड़ों और स्कूल गेट पर दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है. जानिए पूरी खबर…

विज्ञापन

मधुबनी से अवनीश कुमार कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani Public Protest: जिले के बाबूबरही बाजार में चल रहा सड़क सह नाला निर्माण कार्य आम जनता के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है.निर्माण एजेंसी और पीडब्ल्यूडी (पीडब्लूडी) विभाग की घोर लापरवाही के कारण स्थानीय लोगों का अपने घरों से निकलना तक दुश्वार हो गया है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जनवरी के पहले सप्ताह में पूर्वी बाजार से पश्चिमी बाजार पेट्रोल पंप तक करीब 850 मीटर के दायरे में सड़क के दोनों तरफ नाला निर्माण का काम शुरू हुआ था.लेकिन छह महीने बीत जाने के बाद भी काम कछुए की चाल से चल रहा है और आधा निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है.

मानकों को ताक पर रखकर हो रहा निर्माण 

स्थानीय दुकानदारों और निवासियों का आरोप है कि नाला निर्माण बिना किसी सही तकनीकी नक्शे के किया जा रहा है.अधिकारियों की सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि नाले को मौजूदा सड़क के स्तर से करीब तीन फीट ऊंचा बनाया जा रहा है.इस गलत जल निकासी व्यवस्था के कारण न तो घरों का पानी नाले में जा पाएगा और न ही सड़क का पानी निकल सकेगा.आने वाले मानसूनी सीजन में पूरा बाबूबरही बाजार जलमग्न होने की गंभीर आशंका पैदा हो गई है.

स्कूल और मुख्य मोड़ों पर बढ़ा हादसों का खतरा 

इस त्रुटिपूर्ण निर्माण से मिडिल स्कूल गेट,दुर्गा मंदिर,सुरहा,पिरही मोड़,हटिया,प्रखंड कार्यालय और दूदाही गांव जाने वाले मुख्य मोड़ों पर आवागमन बेहद खतरनाक हो गया है.सड़क बनने के बाद भी नाला करीब दो फीट ऊंचा रहेगा,जिससे इन टर्निंग प्वाइंट्स पर हर समय दुर्घटना की संभावना बनी रहेगी.मिडिल स्कूल के मुख्य प्रवेश द्वार पर सड़क से तीन फीट ऊंचा नाला बना दिए जाने के कारण स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.धूल और कीचड़ के कारण स्थानीय व्यापारियों की दुकानदारी भी पूरी तरह चौपट हो गई है.आक्रोशित लोगों ने जिला प्रशासन से इस पूरे कार्य की उच्चस्तरीय जांच कराने और नाले की ऊंचाई को तकनीकी मानकों के अनुरूप ठीक कराने की मांग की है.

विज्ञापन
सुनील कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन