Jhanjharpur liquor Case: शराब से भरी पिकअप नदी किनारे पलटी, 3 हजार बोतल जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार
सांकेतिक तस्वीर
Jhanjharpur liquor Case: झंझारपुर में भैरवस्थान थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 बोतल देसी शराब से लदी पिकअप जब्त की. भागने के दौरान वाहन कमला तटबंध से नीचे गिर गया और दो तस्कर गिरफ्तार किए गए जानिए खबर विस्तार से...
मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट
Jhanjharpur liquor Case: मधुबनी के भैरवस्थान थाना पुलिस ने गुरुवार को गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3000 बोतल देसी शराब से लदी पिकअप को जब्त किया. कार्रवाई के दौरान पुलिस को देखकर भागने के क्रम में तेज रफ्तार पिकअप कमला नदी के तटबंध से नीचे गिर गई. हादसे में चालक और उसका साथी बाल-बाल बच गए, हालांकि पुलिस ने दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया.
सूचना के अनुसार पुलिस को जानकारी मिली थी कि नेपाल के लदनियां बॉर्डर की ओर से भारी मात्रा में शराब की खेप पिकअप वाहन से लाई जा रही है. इसके बाद भैरवस्थान थाना की एसआई प्रिया कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने समिया के पास घेराबंदी की.
यह भी पढ़ें: डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, जागरूकता अभियान तेज
पुलिस को देखकर भागा वाहन, तटबंध से नीचे गिरा

पुलिस को देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा. बेनीपुर की ओर तेज रफ्तार में भागते समय पिकअप अनियंत्रित होकर कमला तटबंध से नीचे नदी के आहाते में जा गिरी. इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन में फंसे दोनों तस्करों को बाहर निकाला और हिरासत में ले लिया.
बाद में क्रेन की मदद से पिकअप को तटबंध से ऊपर निकाला गया. तलाशी के दौरान वाहन से नेपाली ब्रांड की 3000 बोतल देसी शराब बरामद हुई.
यह भी पढ़ें: पेपर लीक और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का आंदोलन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
दो तस्कर गिरफ्तार, केस दर्ज
थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दरभंगा जिले के बहेड़ा थाना क्षेत्र के जयंतीपुर निवासी लालबाबू यादव और बाजितपुर थाना क्षेत्र के परौल निवासी दिनेश मुखिया के रूप में हुई है. दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.
इलाके में जुटी भीड़, जांच जारी
घटना के बाद तटबंध के पास स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई. पुलिस अब शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य की जांच में जुटी है. बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद नेपाल बॉर्डर के रास्ते तस्करी के प्रयास लगातार जारी हैं.
यह भी पढ़ें:मधुबनी में शिक्षकों का विरोध प्रदर्शन, लंबित वेतन भुगतान की मांग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










