रहिका में 8 घंटे बिजली गुल, पेयजल संकट से बढ़ी मुश्किलें

सांकेतिक तस्वीर
Madhubani Power Crisis: मधुबनी के रहिका और आसपास के क्षेत्रों में करीब 8 से 9 घंटे तक बिजली गुल रहने से लोग भीषण गर्मी में परेशान रहे. पेयजल संकट से हालात और खराब हो गए, जबकि विभाग ने तार क्षतिग्रस्त होने को कारण बताया है.
मधुबनी से डॉ शैलेन्द्र कुमार झा की रिपोर्ट
Madhubani Power Crisis: मधुबनी के रहिका एवं आसपास के क्षेत्रों में बीते सोमवार की रात करीब एक बजे से सुबह 9.30 बजे तक बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही. भीषण गर्मी के बीच करीब आठ से नौ घंटे तक बिजली गुल रहने से उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. लोग हाथ पंखा के सहारे गर्मी से राहत पाने की कोशिश करते नजर आए.
गर्मी में बिजली कटौती से बढ़ी मुश्किलें
लगातार बिजली गुल रहने से क्षेत्र के लोग गर्मी में बेहाल रहे. घरों में लगे पंखे और कूलर बंद पड़ गए, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई. लोग पूरी रात बेचैनी में गुजारने को मजबूर रहे.
पेयजल संकट से लोग परेशान
बिजली नहीं रहने का सबसे ज्यादा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा. नल जल योजना के तहत पानी की सप्लाई ठप हो गई और घरों में लगे मोटर भी नहीं चल सके. इससे लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा और उन्हें पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ा.
उपभोक्ताओं में आक्रोश
स्थानीय उपभोक्ताओं विद्यानंद ठाकुर, सुनील कुमार झा, प्रेम नाथ मिश्र और मो इम्तियाज ने बताया कि गर्मी बढ़ते ही बिजली की आंख मिचौली शुरू हो जाती है. अनियमित बिजली आपूर्ति और लो वोल्टेज की समस्या स्थायी रूप ले चुकी है. उन्होंने विभागीय लापरवाही पर नाराजगी जताई.
विभाग ने दी सफाई
इस संबंध में बिजली विभाग के रहिका जेई ने बताया कि 11 हजार वोल्ट का तार क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण आपूर्ति बाधित हुई थी. मरम्मत कार्य पूरा कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है.
यह भी पढ़ें: मजदूर पिता का बेटा बना असिस्टेंट स्टेट टैक्स कमिश्नर, पढ़िए सफलता की पूरी कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










