मजदूर पिता का बेटा बना असिस्टेंट स्टेट टैक्स कमिश्नर, पढ़िए सफलता की पूरी कहानी

चयनित राकेश कुमार राम को सम्मानित करते डॉ. सुशील कुमार राय
BPSC Success Story: मधुबनी के राकेश कुमार राम ने BPSC 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता हासिल कर असिस्टेंट स्टेट टैक्स कमिश्नर पद प्राप्त किया है. उनकी उपलब्धि पर मधेपुर में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया.
मधुबनी से रमन कुमार मिश्रा की रिपोर्ट
BPSC Success Story: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की 70वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में असिस्टेंट स्टेट टैक्स कमिश्नर पद पर चयनित राकेश कुमार राम का सोमवार को मधेपुर शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में भव्य सम्मान किया गया. समारोह में सहायक प्राध्यापक डॉ. सुशील कुमार राय ने उन्हें मिथिला की परंपरा के अनुसार पाग, दोपटा, पुष्पगुच्छ और भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की स्मृति-भेंट देकर सम्मानित किया. इस अवसर पर उनके पिता नरेश राम का भी सम्मान किया गया.
साधारण परिवार से निकलकर हासिल की बड़ी उपलब्धि
राकेश कुमार राम एक साधारण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आते हैं. उनके पिता नरेश राम मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं. सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने शिक्षा को प्राथमिकता दी और राकेश ने कठिन परिश्रम के बल पर यह सफलता हासिल की.
गांव के स्कूल से शुरू हुआ सफलता का सफर
राकेश की प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय में हुई. उन्होंने जवाहर +2 विद्यालय, मधेपुर से मैट्रिक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया. इसके बाद एच.पी.एस. कॉलेज, मधेपुर से इंटरमीडिएट तथा सी.एम. साइंस कॉलेज, दरभंगा से स्नातक की पढ़ाई पूरी की. ग्रामीण परिवेश और हिंदी माध्यम से शिक्षा प्राप्त करने के बावजूद उन्होंने BPSC जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता हासिल की.
युवाओं के लिए बने प्रेरणास्रोत
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील कुमार राय ने कहा कि राकेश की सफलता इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, ईमानदार मेहनत और लक्ष्य के प्रति समर्पण से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है. उन्होंने कहा कि राकेश का सरल, विनम्र और संस्कारी व्यक्तित्व उन्हें अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनाता है.
पूरे परिवार और समाज ने जताई खुशी
राकेश कुमार राम की उपलब्धि पर शिक्षक सत्यनारायण राम सहित बड़ी संख्या में शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं. वक्ताओं ने कहा कि उनकी सफलता से ग्रामीण क्षेत्र के छात्र-छात्राओं में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति नई ऊर्जा का संचार होगा
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










