मानसिक तनाव से परेशान लोगों के लिए टेली-मानस सेवा बनी सहारा, 14416 पर मिलेगा मुफ्त परामर्श

सांकेतिक तस्वीर
भारत सरकार की टेली-मानस सेवा मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए एक वरदान साबित हो रही है. चिंता, तनाव, अवसाद या घबराहट जैसी समस्याओं के लिए अब घर बैठे विशेषज्ञ परामर्श प्राप्त करना संभव है. यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क और गोपनीय है.
Madhubani News: मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों के लिए भारत सरकार और राज्य सरकार की संयुक्त पहल टेली-मानस सेवा प्रभावी और सुलभ माध्यम बनकर सामने आई है. चिंता, तनाव, घबराहट, अवसाद या अन्य मानसिक समस्याओं से परेशान व्यक्ति घर बैठे टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 अथवा 1-800-89-14416 पर कॉल कर प्रशिक्षित मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों से निःशुल्क परामर्श प्राप्त कर सकते हैं.
बढ़ती मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं को लेकर पहल
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार बदलती जीवनशैली, पारिवारिक एवं सामाजिक दबाव, पढ़ाई, रोजगार और आर्थिक चुनौतियों के कारण मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं. समय पर उचित परामर्श और उपचार मिलने से अधिकांश समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है. इसी उद्देश्य से राष्ट्रीय टेली-मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत टेली-मानस सेवा शुरू की गई है.
गोपनीय और निःशुल्क मिलेगी विशेषज्ञों की सलाह
टेली-मानस सेवा के माध्यम से प्रशिक्षित काउंसलर और मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ कॉल करने वाले व्यक्ति की समस्या को पूरी गोपनीयता के साथ सुनते हैं और आवश्यक परामर्श देते हैं. जरूरत पड़ने पर संबंधित व्यक्ति को मनोचिकित्सक अथवा नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं से भी जोड़ा जाता है. यह सेवा पूरी तरह निःशुल्क और आम नागरिकों के लिए उपलब्ध है.
मानसिक स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव, चिंता, घबराहट या अवसाद जैसी समस्याओं को नजरअंदाज न करें और न ही इन्हें छिपाएं. उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है. यदि परिवार, मित्र या आसपास का कोई व्यक्ति मानसिक परेशानी से गुजर रहा हो तो उसे टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देकर सहायता लेने के लिए प्रेरित करें.
यह भी पढ़ें: मधुबनी में अवैध नर्सिंग होम और अल्ट्रासाउंड सेंटर पर होगी कार्रवाई, सीएस ने गठित किया धावा दल
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










