मधुबनी: झंझारपुर में नाला बंद होने से वार्ड-14 जलमग्न, लोगों ने सड़क पर उतरकर किया प्रदर्शन

Updated:
विज्ञापन
जल जमाव के बीच प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network

जल जमाव के बीच प्रदर्शन करते लोग | Prabhat Khabar Network

मधुबनी के झंझारपुर नगर परिषद में नाला बंद होने से 50 घर जलमग्न हो गए हैं, जिससे लगभग 250 परिवार पिछले चार दिनों से मुश्किलों का सामना कर रहे हैं. स्थानीय लोगों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन हरकत में आया है और जल्द स्थायी समाधान का आश्वासन दिया है.

विज्ञापन

Madhubani News: झंझारपुर नगर परिषद के वार्ड संख्या-14 में नाला अवरुद्ध होने के कारण पूरा मोहल्ला जलमग्न हो गया. करीब 50 घरों के लगभग 250 परिवार पिछले चार दिनों से घर और आंगन में भरे पानी के बीच रहने को मजबूर हैं. समस्या से नाराज लोगों ने शुक्रवार को जलमग्न सड़क पर उतरकर नगर परिषद प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया.

नाला बंद होने से बढ़ी परेशानी

प्रदर्शन में शामिल शंकर चौधरी, गोपाल चौधरी, सुमन मुखिया, श्याम मुखिया, इंद्रावती देवी, राजू चौधरी, आनंद चौधरी, राधे चौधरी, चंद्रकला देवी, पूनम देवी, शशिकरण देवी, उमेश चौधरी, मनोज चौधरी, चानो देवी, सुधीर देवी, पुरोहित ठाकुर और रामचंद्र ठाकुर सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने आरोप लगाया कि वर्षों से मोहल्ले का पानी नाले के माध्यम से नवकी पोखर में निकलता था.

उनका आरोप है कि चार दिन पहले कुछ लोगों ने ट्रैक्टर से नाले में मिट्टी डालकर जल निकासी का रास्ता बंद कर दिया, जिसके बाद पूरे मोहल्ले में जलजमाव हो गया. इससे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घरों में ही कैद होकर रह गए.

प्रशासन ने कराया समाधान

सूचना मिलने पर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी मनोज कुमार मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि मामले की सूचना पुलिस प्रशासन को भी दी गई थी.

प्रभारी थानाध्यक्ष बिहारी आलम ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता कर समाधान निकाल लिया गया है. वहीं स्वच्छता पदाधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि संबंधित लोगों को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी तथा घाट के नीचे फंसी स्टील प्लेट को हटाया जाएगा.

छह माह में नया नाला बनाने का आश्वासन

प्रशासन ने आश्वासन दिया कि अगले छह माह के भीतर अलग नाला का निर्माण कराया जाएगा, ताकि भविष्य में पानी पोखर की ओर न जाए और जलजमाव की समस्या से स्थायी राहत मिल सके.

समझौते के बाद देर शाम जेसीबी लगाकर जल निकासी का कार्य शुरू करा दिया गया. हालांकि स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि तय समय के भीतर नया नाला नहीं बनने पर आंदोलन और तेज किया जाएगा.


विज्ञापन
संजय कुमार

लेखक के बारे में

By संजय कुमार

संजय कुमार प्रिंट माध्यम में 15 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. झंझारपुर (मधुबनी) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक कार्यों, शिक्षा, राजनीति व खेल में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन