बिहार बंद को लेकर कलेर, मेहंदिया एवं परासी पुलिस ने निकाला फ्लैग मार्च, निजी विद्यालयों ने भी बंद रखने का लिया निर्णय

Author Anjani kumar|Edited by Nikhil Anurag
Updated:
विज्ञापन
फ्लैग मार्च में शामिल पदाधिकारी  | Prabhat Khabar Network

फ्लैग मार्च में शामिल पदाधिकारी

शनिवार को प्रस्तावित बिहार बंद के मद्देनजर कलेर, मेहंदिया और परासी थाना क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला गया है. सुरक्षा को देखते हुए निजी विद्यालयों ने भी स्कूल बंद रखने का फैसला किया है.

विज्ञापन

Arwal News: शनिवार को प्रस्तावित बिहार बंद को लेकर कलेर प्रखंड क्षेत्र में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से कलेर, मेहंदिया और परासी थाना पुलिस ने अपने-अपने क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की.

संवेदनशील इलाकों में किया गया फ्लैग मार्च

कलेर थाना पुलिस ने कलेर बाजार और आसपास के क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया. वहीं मेहंदिया थाना पुलिस ने महेंदिया बाजार सहित प्रमुख मार्गों पर मार्च निकालकर सुरक्षा का जायजा लिया. परासी थाना पुलिस ने भी परासी, सकरी और अन्य क्षेत्रों में फ्लैग मार्च कर लोगों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने का संदेश दिया.

असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर

फ्लैग मार्च का नेतृत्व मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार, कलेर थानाध्यक्ष अमित कुमार और परासी थानाध्यक्ष मोहम्मद सिराज ने किया. पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बिहार बंद के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार है. असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखी जा रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आम लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की.

निजी विद्यालय भी रहेंगे बंद

इधर बिहार बंद को देखते हुए कलेर प्रखंड के निजी विद्यालयों ने भी एहतियातन शनिवार को स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया है. विद्यालय संचालकों का कहना है कि बंद के दौरान विद्यार्थियों के आवागमन में संभावित परेशानी और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है. विद्यालय प्रबंधन ने अभिभावकों से सहयोग की अपील करते हुए बताया कि प्रखंड के सभी निजी विद्यालय शनिवार को बंद रहेंगे.


विज्ञापन
Anjani Kumar

लेखक के बारे में

By Anjani Kumar

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन