Madhubani: मोदी सरकार के 12 साल विकास, विश्वास और जनकल्याण को समर्पित- अरुण शंकर प्रसाद

Updated:
विज्ञापन
Labour Minister Arun Shankar Prasad addressing a press conference in Jhanjharpur

प्रेस वार्ता को संबोधित करते श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद

झंझारपुर में आयोजित प्रेस वार्ता में बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को सामने रखा. उन्होंने दावा किया कि बीते वर्षों में 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं और केंद्र की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है. पढ़ें पूरी खबर…

विज्ञापन

मधुबनी के झंझारपुर से संजय कर्ण की रिपोर्ट

Madhubani News: बिहार सरकार के श्रम संसाधन मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने रविवार को झंझारपुर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है.

मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से लगातार तीसरी बार जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है. इसी जनसमर्थन का परिणाम है कि आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) देश के 22 राज्यों में सरकार चला रहा है या शासन में भागीदारी निभा रहा है.

गरीब, किसान, युवा और महिला सरकार की प्राथमिकता

अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नरेंद्र मोदी ने सबसे पहले पीएम किसान सम्मान निधि से संबंधित फाइल पर हस्ताक्षर किए. इससे स्पष्ट होता है कि सरकार की प्राथमिकता गरीब, किसान, युवा और महिलाओं का कल्याण है. उन्होंने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” केवल एक नारा नहीं, बल्कि शासन की कार्यशैली बन चुका है. सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे.

25 करोड़ लोगों के गरीबी से बाहर आने का दावा

प्रेस वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में लगभग 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं. उन्होंने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस और तकनीक के उपयोग से सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों तक पहुंच रहा है, जिससे पारदर्शिता बढ़ी है. उन्होंने यह भी कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक ने दुनिया को नए भारत की ताकत का परिचय कराया है.

जनकल्याणकारी योजनाओं का किया उल्लेख

मंत्री ने जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन और पीएम किसान सम्मान निधि सहित केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है. उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 16 करोड़ से अधिक घरों तक नल से जल पहुंचाया गया है, जबकि स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कराया गया है.

भाजपा नेताओं की रही मौजूदगी

प्रेस वार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष बच्चा बाबू कामत, बल्लू शर्मा, ज्योति नारायण मंडल, प्रदीप कुमार ठाकुर, नंदकुमार महतो, पंकज चौधरी, संजय कुमार राय, कौशल कुमार, श्रवण बनैता, अशफाक आलम, बजरंगी दास, राजा बाबू यादव, भरत चौधरी और रसिकलाल चौपाल सहित कई पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे.

विज्ञापन
सरफराज अहमद

लेखक के बारे में

By सरफराज अहमद

सरफराज अहमद IIMC से प्रशिक्षित पत्रकार हैं. राजनीति, समाज और हाइपरलोकल मुद्दों पर लिखते हैं. क्रिकेट और सिनेमा में गहरी रुचि रखते हैं. बीते तीन वर्षों से मीडिया क्षेत्र में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन