जनकपुर में कर्फ्यू हटने के बाद जनजीवन सामान्य, जयनगर-जनकपुर रेल सेवा भी शुरू

जनकपुर में सुरक्षा में तैनात नेपाली प्रहरी | Prabhat Khabar Network
जनकपुर में हालिया आंदोलन के बाद लगे कर्फ्यू से प्रभावित जनजीवन अब सामान्य हो रहा है. गृह मंत्री सुदन गुरुंग द्वारा कर्फ्यू हटाने की घोषणा के बाद बस सेवाएं, बाजार और शिक्षण संस्थान खुल गए हैं. जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर भी ट्रेन परिचालन बहाल कर दिया गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है.
Janakpur News: नेपाल में हालिया आंदोलन के बाद उत्पन्न तनाव और कर्फ्यू से प्रभावित जनजीवन अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है. शनिवार को नेपाल के गृह मंत्री सुदन गुरुंग ने जनकपुर स्थित सीडीओ कार्यालय में विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद कर्फ्यू हटाने की घोषणा की.
विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों से हुई वार्ता
बैठक में नेपाल हिंदू सेना, विश्व हिंदू परिषद, नेपाल हिंदू स्वयं सेवक, साधु-संतों और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने अपनी बातें रखीं. नेपाली सूत्रों के अनुसार, वार्ता के दौरान हिंदू संगठनों ने नेपाल को हिंदू राष्ट्र घोषित करने, मुस्लिम आयोग समाप्त करने तथा हिंसा में प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा देने सहित कई मांगें रखीं. गृह मंत्री ने कहा कि इन मांगों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा.
बस सेवा और बाजार हुए सामान्य
जनकपुर अंचल बस व्यवसायी समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने जिला प्रशासन के साथ बैठक के बाद बताया कि रविवार से जनकपुरधाम से जटही, भिट्ठा मोड़ और अन्य स्थानों के लिए बस सेवाएं फिर शुरू कर दी गई हैं.
कर्फ्यू हटने के बाद जनकपुरधाम के बाजार और व्यावसायिक प्रतिष्ठान खुल गए हैं. रविवार से शिक्षण संस्थानों और बैंकों के भी खुलने की जानकारी दी गई है.
सुरक्षा के बीच लौट रही सामान्य स्थिति
हालांकि प्रशासन की ओर से कई निर्देश और निषेधाज्ञाएं अभी भी प्रभावी हैं, जिनका सख्ती से पालन कराया जा रहा है. पूरे जनकपुर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी है और बड़ी संख्या में नेपाली सुरक्षा बल तैनात हैं. लोग आवश्यक सामान की खरीदारी के लिए बाहर निकल रहे हैं, लेकिन अभी भी भय का माहौल पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है.
जयनगर-जनकपुर रेल सेवा फिर शुरू
कर्फ्यू हटने के बाद रविवार से जयनगर-जनकपुर रेलखंड पर ट्रेन परिचालन भी बहाल कर दिया गया. पहले दिन तीन फेरों में ट्रेन का संचालन हुआ. सुबह की ट्रेन में यात्रियों की संख्या कम रही, क्योंकि कई लोगों को कर्फ्यू हटने की जानकारी नहीं थी. हालांकि शाम की ट्रेन से करीब 200 यात्रियों ने यात्रा की. रेलवे और सुरक्षा एजेंसियां अब भी सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर बनाए हुए हैं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










