सकरी में नवविवाहित दंपती की संदिग्ध मौत, कमरे से मिले दोनों के शव

सांकेतिक तस्वीर
मधुबनी के पंडौल थाना क्षेत्र में नवविवाहित जोड़े की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. दोनों के शव बंद कमरे से बरामद हुए हैं. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है.
Madhubani News: पंडौल थाना क्षेत्र के बथने पंचायत के वार्ड संख्या-10 में सोमवार को नवविवाहित दंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. पुलिस ने बहादुर मुखिया के 25 वर्षीय पुत्र जीतन मुखिया और उनकी पत्नी प्रेमी देवी का शव बंद कमरे से बरामद किया है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.
Sakri News: बंद कमरे से बरामद हुए दोनों के शव
घटना की सूचना मिलने पर पंडौल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दी. पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रदीप ठाकुर के नेतृत्व में प्रारंभिक जांच शुरू की गई. पुलिस के अनुसार कमरा अंदर से बंद था. एफएसएल टीम के पहुंचने के बाद वैज्ञानिक तरीके से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
दो माह पहले हुई थी शादी
स्थानीय लोगों ने बताया कि जीतन मुखिया की शादी 13 मई 2026 को झंझारपुर थाना क्षेत्र के हेठीबाली गांव निवासी प्रेमी देवी से हुई थी. शादी को अभी लगभग दो माह ही हुए थे. अचानक दोनों की मौत की खबर से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं.
भाभी हिरासत में, भाई फरार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर मृतक की भाभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. वहीं मृतक का भाई फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
एफएसएल रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस अवर निरीक्षक चंद्रदीप ठाकुर ने बताया कि एफएसएल टीम की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा. फिलहाल पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर के लाल का ब्रिटेन में बजा डंका, कनिष्क नारायण बने यूके के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मंत्री
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










