नाले से निकाल सड़क पर डाला कीचड़

Updated:
विज्ञापन

मधुबनी : शहर के नालों की सफाई को लेकर नगर परिषद (नप) की शायद नयी पहल शुरू हुई है, लेकिन नाले से निकले कीचड़ को उठा कर फेंकने की कवायद नप प्रशासन ने शायद छोड़ दी है. कीचड़ को निकाल कर सड़क पर इस प्रकार डाल दिया जा रहा है कि बस, चारपहिया वाहन, मोटरसाइकिल, […]

विज्ञापन

मधुबनी : शहर के नालों की सफाई को लेकर नगर परिषद (नप) की शायद नयी पहल शुरू हुई है, लेकिन नाले से निकले कीचड़ को उठा कर फेंकने की कवायद नप प्रशासन ने शायद छोड़ दी है. कीचड़ को निकाल कर सड़क पर इस प्रकार डाल दिया जा रहा है कि बस, चारपहिया वाहन, मोटरसाइकिल, साइकिल, पैदल चलने वालों के द्वारा गंदगी सड़क से लेकर लोगों के घरों तक फैल रही है.

इससे नप प्रशासन को कीचड़ को उठाकर अन्यत्र फेंकने की आवश्यकता ही नहीं पड़ती और इसके उठाव की राशि की बचत भी हो जाती है.
यह बात और है कि इससे सड़क पर आने जाने में लोगों को परेशानी होती है. पूरा शहर गंदा होता जा रहा है.
दरअसल, शहर में इन दिनों नाले के कीचड़ को निकाल कर सड़क पर डाल दिया गया है. जिसे विगत कई दिनों से नहीं उठाया जा रहा है. ऐसे में नाले की सफाई का फायदा आगे चल कर हो न हो, लेकिन वर्तमान में लोगों के जान पर बन आयी है. यह किसी एक जगह नहीं शहर के कई जगहाें पर है.
दृश्य एक
शहर के मध्य में महिला कॉलेज है. यहां हर दिन सैकड़ाें की संख्या में छात्रा व उनके अभिभावक आते हैं. सामने ही कई दुकानें भी है, लेकिन इन दिनों इस कॉलेज में आने वाले छात्राओं, अभिभावकों व स्थानीय दुकानदारों की फजीहत हो रही है. दरअसल, विगत करीब एक सप्ताह पूर्व नप प्रशासन के सफाई कर्मी ने नाले की सफाई की. इससे निकले कीचड़ को दुकान के सामने सड़क पर ही डाल दिया गया.
इससे दुकानदारों को अपने दुकान खोलने व ग्राहक को दुकान पर जाने में परेशानी हो रही है, जिससे दुकानदारी मंदा हो रहा है. वहीं, कॉलेज आने वाले छात्रों को भी कॉलेज आने जाने व अभिभावकों को गाड़ी लगाने में परेशानी हो रही है. इसके अलावे इस सड़क से होकर आने जाने वालों की स्थिति क्या होती होगी यह बताने की आवश्यकता नहीं. लोग यहां न तो वाहनों को पास दे सकते हैं और न ही इस जगह वाहन को रोक सकते हैं.
दृश्य दो
शहर का शंकर चौक, व्यस्त सड़कों में से एक. शंकर चौक से बड़ी मसजिद जाने वाले सड़क से होकर प्राय: हर दिन हजारों लोग आते जाते हैं, लेकिन इस सड़क से होकर जानें में इन दिनों लोग परहेज ही करते हैं. मजबूरी में ही लोग इस सड़क से जाना चाहते हैं. यहां भी नप प्रशासन ने वहीं कारनामा कर दिया है. इस जगह की स्थिति तो और भी खराब है.
एक तो तंग सड़क, करीब पांच फीट ही सड़क बची है. इस होकर लोग आते जाते हैं, लेकिन इसे भी नप प्रशासन ने इस कदर बरबाद कर दिया है कि लोगों को कीचड़ के ऊपर से ही जाना पड़ रहा है. सबसे अधिक परेशानी पैदल यात्रियों को हो रही है. वहीं, कीचड़ से सड़क पर इस कदर फिसलन बढ़ गयी है कि जरा सी भी असावधानी होती है तो वाहन चालक यहां गिर जाते हैं. उनका पूरा कपड़ा, सामान खराब हो जाता है. यहां भी दुकानदारों की स्थिति खराब है. दुकान के सामने कई ट्रैक्टर कीचड़ पड़ा है.
दृश्य तीन
शहर का लोहापट्टी, मुख्य बाजार. हर दिन हजारों लाखों का कारोबार इस बाजार में किया जाता है, लेकिन इस बाजार की स्थिति भी खराब है. सफाई-कर्मियाें ने आने जाने का रास्ता तक नहीं छोड़ा है. सड़क पर ही नाले का कीचड़ डाल दिया गया है.
कहते हैं कि नाले की सफाई हो रही है, लेकिन आलम यह है कि दोबारा या तो यह कीचड़ नाले में जा रहा है या फिर लोगों के घरों तक. यह हाल विगत करीब सात दिनों से है. लोग हर सुबह यह उम्मीद करते हैं कि शायद आज उनके दुकान के सामने से कीचड़ हट जायेगा, लेकिन लोगों की उम्मीद शाम होते होते निराशा में बदल जाती है.
क्या कहते हैं अधिकारी
कार्यपालक पदाधिकारी जटाशंकर झा ने बताया है कि जल्द ही सड़क पर डाले गये कीचड़ को उठा दिया जायेगा. सफाई कर्मी को निर्देश दिया गया है.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन