झंझारपुर : अरडिया संग्राम स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज का कैंपस शुक्रवार को दोपहर बाद एक घंटे तक रणक्षेत्र बना रहा. पॉलिटेक्निक के छात्रों ने इंजीनियरिंग के छात्रों को क्लास में घुसकर पीटा. उस वक्त बीटेक छात्रों को प्रोफेसर पढ़ा रहे थे. अचानक पॉलिटेक्निक छात्रों के आक्रामक रूप देख बीटेक क्लास रूम में अफरा तफरी मच गई. बीटेक प्रोफेसर चंदन कुमार के साथ भी धक्का मुक्की की. चीख पुकार सुन कर पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल और प्रोफेसर कॉलेज के गार्ड के साथ ब्लॉक ए की ओर (जहां मारपीट हो रही थी) भागे.
पॉलिटेक्निक के छात्र अपने प्रिंसिपल और प्रोफेसर को आते देख भाग खड़े हुए. इस दौरान बीटेक के एक दर्जन छात्र घायल हो गए. घायल छात्रों को इलाज के लिए भेजा गया. इधर पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल वीरेंद्र झा ने घटना की जानकारी अपने निदेशक और बीटेक कॉलेज के मोतिहारी स्थित प्रिंसिपल को दी. उनके द्वारा डीएम शीर्षत कपिल अशोक को जानकारी मिली. डीएम के निर्देश पर एसडीएम शैलेश कुमार चौधरी ने त्वरित रूप से अरड़िया थानाध्यक्ष जितेंद कुमार साहनी और झंझारपुर सीओ कन्हैया सिंह को पॉलिटेक्निक कॉलेज भेजा. अधिकारियों के पहुंचने पर बीटेक के छात्र छात्राओं की दहशत कम हुई.
मोबाइल से बात करने के कारण पढ़ाई बाधित होने की शिकायत से भड़के छात्र. सीओ ने बताया कि पॉलिटेक्निक कॉलेज के ए ब्लॉक में बीटेक की पढ़ाई होती है. जिसमें मधुबनी और शिवहर जिले के इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों को प्रोफेसर चंदन कुमार पढ़ा रहे थे. पॉलिटेक्निक कॉलेज के छात्रों की इंटरनल परीक्षा थी. ये छात्र ब्लॉक बी में परीक्षा दे रहे थे. कुछ छात्रों की परीक्षा ब्लॉक ए में भी ली जा रही थी. परीक्षा देने आए पॉलिटेक्निक के छात्र बीटेक क्लास रूम के बरामदे पर मोबाइल से बात कर रहे थे. मोबाइल से बात के कारण पढ़ाई में कठिनाई की शिकायत बीटेक के छात्र अपने प्रोफेसर से की. प्रोफेसर ने पॉलिटेक्निक छात्रों को नीचे जाकर बात करने को कहा.
उस समय छात्र चले गए मगर लगभग एक घंटे बाद हुजूम में आये और बीटेक क्लास में घुसकर पीटने लगे. इन छात्रों का कहना था कि हमारे कॉलेज में आकर पढ़ते हो, भागो यहां से. जहां बीटेक कॉलेज है वहां जाकर पढ़ो.बीटेक के छात्र छात्रा के अलावा कुछ पॉलिटेक्निक छात्रों के भी घायल होने की जानकारी है, मगर वो सामने नहीं है.
बीटेक के घायल छात्रों में प्रह्लाद कुमार, नीतीश कुमार, बिहारी, प्रभात कुमार, गौतम कुमार के अलावा छात्रा अभिलाषा कुमारी, हेमा आर्या, प्रिया कुमारी, मीसा भारती, नील प्रिया व अश्विनी कुमारी शामिल है. घटना की जानकारी होते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची. थानाध्यक्ष ने बताया कि अभी तक आवेदन नहीं दिया गया है. बीटेक के प्रोफेसर चिन्हित कर आवेदन देने की बात कही है. पॉलिटेक्निक कॉलेज के गैलरी में सीसीटीवी लगा है मगर उसका फुटेज नहीं मिला है.
बीटेक प्रोफेसर चंदन कुमार ने कहा उनके सामने मारपीट हुई. हमारी जवाबदेही है अपने छात्र – छात्राओं की सुरक्षा और पठन पाठन का माहौल देना. कुछ छात्रों ने मोबाइल से रिकॉर्डिंग की है. इसी आधार पर कारवाई के लिए आवेदन दिया जा रहा है.
पॉलिटेक्निक कॉलेज के प्रिंसिपल बीरेंद्र झा ने कहा कि कड़ी करवाई होगी. दोषी छात्रों पर निलंबन अथवा निष्कासन की कारवाई निदेशक के आदेशानुसार होगी. उन्होंने बताया कि बीटेक कॉलेज के प्रिंसिपल मोतिहारी कॉलेज में रहते है. उन्हें भी सूचना है. बीटेक कॉलेज को हमने अपने भवन का एक ब्लॉक और फर्नीचर दिया है. अभी तक हमारे पास दोनों कॉलेज के कोई छात्र आवेदन देकर शिकायत नहीं की. वहां का एडमिनिस्ट्रेशन उनके ही हाथ में है.हमारे छात्र गलती किये है तो सजा मिलेगी.