ठगी करने के मामले में एक महिला गिरफ्तार

Published by : Kumar Ashish Updated At : 11 Jun 2026 6:55 PM

विज्ञापन

ठगी करने के मामले में एक महिला गिरफ्तार

विज्ञापन

सिंहेश्वर. थाना पुलिस ने मुख्य बाजार स्थित मस्जिद के पास से ठगी करने के आरोप में एक महिला को रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार महिला की पहचान कुमारखंड थाना क्षेत्र के कोरलाही रामगंज वार्ड दो निवासी कविता देवी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से 15 सौ रुपये नकद, चांदी के पायल का हुक, ताबीज, नथिया, मोबाइल और एसबीआइ कियोस्क बैंकिंग का आइडेन्टिटी कार्ड व आधार कार्ड बरामद किया है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी महिला को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. 70 हजार का लोन और गैस सिलेंडर का दिया झांसा मामले को लेकर पीड़ित बैरबन्ना (वार्ड संख्या आठ) निवासी बीबी बेचनी ने बताया कि करीब 20 दिन पहले वह सिंहेश्वर बाजार आयी थी. इसी दौरान आरोपी महिला ने उसका पीछा किया और रोक कर कहा, ”माताजी आपको 70 हजार रुपये और मुफ्त गैस सिलेंडर मिलेगा.” शातिर महिला ने झांसा दिया कि इसके लिए चांदी का बाला गिरवी रखना होगा, जिससे मिलने वाले पैसे से लोन पास करा दिया जायेगा. बाद में लोन के पैसे से वह अपना बाला छुड़ा सकती हैं. टोटो में बैठाकर ले गयी मधेपुरा, नशीला पदार्थ सुंघाकर उड़ाये जेवर पीड़िता ने बताया कि महिला उसे बातों में उलझाकर टोटो से मधेपुरा ले गयी. मधेपुरा कॉलेज चौक पर बैठाकर उसने पीड़िता को कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे उसे नींद आने लगी. इसी का फायदा उठाकर शातिर महिला ने पीड़िता के दोनों हाथों से करीब 30 हजार रुपये कीमत के चांदी के बाले, नथिया और 25 सौ रुपये नकद उड़ा लिये. जब पीड़िता को होश आया, तो महिला वहां से गायब थी. कई अन्य महिलाओं को भी बना चुकी है शिकार घर लौटने पर पीड़िता को पता चला कि उक्त ठग महिला ने 15 दिन पहले उसकी गोतनी जैमूल से भी एक नकमुन्नी, चांदी का बाला और 400 रुपये नकद ठगे थे. इसके अलावा सरोपट्टी निवासी सोमनी देवी से भी नशीला पदार्थ सुंघाकर करीब 12 हजार रुपये मूल्य का 10 भर वजनी चांदी का बाला ठग लिया था. बाजार में दोबारा शिकार तलाशते दबोची गयी पीड़िता बीबी बेचनी जब दोबारा सिंहेश्वर बाजार आयी, तो उसने मस्जिद के पास उसी महिला को घूमते देखा. पीड़िता ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया. पूछताछ में महिला ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद तुरंत सिंहेश्वर थाना पुलिस को सूचना दी गयी. मामले में थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता के बयान पर केस दर्ज कर आरोपी महिला को जेल भेज दिया गया है.

विज्ञापन
Kumar Ashish

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन