अखिल भारतीय संतमत सत्संग का 115वां वार्षिक महाधिवेशन का ध्वजारोहण संपन्न

संतों एवं आध्यात्मिक गुरुओं ने संतमत के सिद्धांत, आत्मज्ञान, भक्ति मार्ग तथा जीवन में सदाचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला.
कुमारखंड प्रखंड के विशनपुर बाजार पंचायत अंतर्गत टिकुलिया गांव में रविवार को अखिल भारतीय संतमत सत्संग का 115वां वार्षिक महाधिवेशन के ध्वजारोहण का कार्य श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उर्जा के वातावरण में रविवार को संपन्न हुआ. इस अवसर पर दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु, संत एवं महात्मा पहुंचे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा. कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 06:00 बजे टिकुलिया ठाकुरबाड़ी प्रांगण में सत्संग एवं महासभा बैठक के साथ हुआ, जो 09:00 बजे तक चला. इस दौरान संतों एवं आध्यात्मिक गुरुओं ने संतमत के सिद्धांत, आत्मज्ञान, भक्ति मार्ग तथा जीवन में सदाचार के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला. भजन-कीर्तन के मधुर स्वर से वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा. इसके पश्चात प्रातः 10:00 बजे महावीर रानीपट्टी उच्च माध्यमिक विद्यालय, टिकुलिया के मैदान से भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई. शोभा यात्रा में महिलाएं एवं पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुये. संतों के नेतृत्व में निकली यह यात्रा क्षेत्र का भ्रमण करते हुये आध्यात्मिक जागरूकता का संदेश देती रही. जगह-जगह श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया. प्रातः 11:00 बजे यज्ञ स्थल पर ध्वजारोहण समारोह आयोजित हुआ. ध्वजारोहण का कार्य संतमत के वर्तमान आचार्य महर्षि बेदानंद परम हंस जी महाराज (सबौर आश्रम, भागलपुर) द्वारा संपन्न कराया गया. इस अवसर पर काशी से पधारे श्री श्री 108 महामंडलेश्वर स्वामी रविशंकर जी महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं की गरिमामयी उपस्थिति रही. महाधिवेशन का मुख्य उद्देश्य संतमत के सिद्धांतों का प्रचार-प्रसार एवं समाज में आध्यात्मिक चेतना का जागरण करना रहा. आयोजन के माध्यम से लोगों को नैतिकता, सदाचार एवं आध्यात्मिक जीवन अपनाने का संदेश दिया गया. अखिल भारतीय संतमत सत्संग समिति टिकुलिया एवं ग्रामवासियों ने आयोजन की सफलता पर सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया. साथ ही लोगों से ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गयी. इस अवसर पर स्वामी जगपरानंद, योगी अरविन्द स्वामी, देवनारायण, रमारमण, सेवक कुंदन दास, बसंतलाल बाबा, गोपाल बाबा, बलदेव बाबा, स्वामी बनवासी बाबा, चंदेश्वरी दास, रमेश दास, मुखिया प्रतिनिधि महताब आलम, पूर्व मुखिया अनमोल यादव, पूर्व जिला परिषद सदस्य भूपेन्द्र मंडल, योगेन्द्र मेहता, महेंद्र मेहता, मिथिलेश कुमार, अखिलेश कुमार, उमेश मेहता, शिवनारायण मेहता, सरपंच प्रतिनिधि उपेन्द्र मेहता, पैक्स अध्यक्ष बिपिन कुमार, पंचायत समिति सदस्य प्रभाष यादव, बैधनाथ मेहता, दशरथ चौधरी, राजेन्द्र मेहता, दयानंद यादव, फुलेश्वर यादव, मोहनलाल चौधरी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




