डीईओ ने मॉडल स्कूल का किया निरीक्षण, बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर दिये निर्देश

Updated at : 02 Apr 2026 6:32 PM (IST)
विज्ञापन
डीईओ ने मॉडल स्कूल का किया निरीक्षण, बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर दिये निर्देश

उदाकिशुनगंज के एसबीजेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कुल 12 शिक्षकों की तैनाती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.

विज्ञापन

उदाकिशुनगंज जिला शिक्षा पदाधिकारी संजय कुमार ने गुरुवार को उदाकिशुनगंज स्थित एसबीजेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने विद्यालय में प्रस्तावित मॉडल स्कूल की व्यवस्था का जायजा लेते हुए शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. निरीक्षण के दौरान डीईओ ने बताया कि जिले में कुल 13 आदर्श (मॉडल) विद्यालय संचालित किए जाएंगे, जहां वर्ग 9 एवं 10 के छात्र-छात्राओं को आधुनिक सुविधाओं से लैस गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी. सरकार की योजना के तहत प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में एक-एक मॉडल विद्यालय स्थापित किया जाना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके. उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में प्रयोगशाला, कंप्यूटर कक्ष, संगीत शिक्षा समेत अन्य सभी आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था की जाएगी. साथ ही प्रशिक्षित एवं योग्य शिक्षकों की नियुक्ति कर विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली से जोड़ा जाएगा. उदाकिशुनगंज के एसबीजेएस उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में कुल 12 शिक्षकों की तैनाती का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. डीईओ ने बताया कि मॉडल स्कूल में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए यूनिफॉर्म एवं आई-कार्ड अनिवार्य होगा, जिससे अनुशासन और शैक्षणिक माहौल को सुदृढ़ किया जा सके. उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान कर उन्हें अनुशासित एवं सक्षम बनाना है. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मॉडल स्कूल में जल्द ही नामांकन प्रक्रिया शुरू की जाएगी, ताकि नए सत्र से छात्र-छात्राएं नामांकन लेकर नियमित रूप से पढ़ाई कर सकें. इस मौके पर कस्तूरबा विद्यालय के संचालक कुमार संजय प्रताप ने उदाकिशुनगंज मुख्यालय में वर्षों से लंबित मॉडल कस्तूरबा विद्यालय के उद्घाटन की मांग उठाई. इस पर डीईओ ने आश्वासन दिया कि अप्रैल माह में ही मॉडल कस्तूरबा विद्यालय का उद्घाटन कर दिया जाएगा, जिससे नए शैक्षणिक सत्र में वर्ग 9 की छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित किया जा सके. निरीक्षण के दौरान अपर कार्यक्रम पदाधिकारी सुशील कुमार, प्रधानाचार्य अभिनंदन कुमार, कुमार संजय प्रताप, शिक्षक संजय कुमार, हरदेव कुमार, मो. साजिद अली, चंद्रहास चांद, सोना कुमार रेणु, मो. राशिद, शेखर सुमन, कौशल कुमार, प्रिया सुमन, प्रियंका प्रेरणा, सोनी कुमारी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे.

विज्ञापन
Kumar Ashish

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन