पटना में गैस सिलेंडर नहीं मिल रहा? इस हेल्पलाइन नंबर पर करें कॉल, प्रशासन करेगा कार्रवाई

सांकेतिक तस्वीर
LPG Cylinder Crisis: पटना में एलपीजी गैस की कमी से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है. घरेलू गैस सिलेंडर की समय पर डिलीवरी नहीं होने के कारण लोग परेशान हैं और कई जगहों पर एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखी जा रही हैं. इस स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं की शिकायत दर्ज करने और समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है.
LPG Cylinder Crisis: पटना में इन दिनों चूल्हा जलाना किसी जंग जीतने से कम नहीं है. खाड़ी देशों में छिड़े युद्ध की तपिश अब पटना की रसोइयों तक पहुंच गई है, जिसके कारण एलपीजी गैस की भारी किल्लत हो गई है.
लोग खाली सिलेंडर लेकर घंटों सड़कों और गैस गोदामों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन वेंडर डिलीवरी देने को तैयार नहीं हैं. जनता की इसी बेबसी को देखते हुए पटना जिला प्रशासन ने ‘सुपर एक्शन’ मोड में आते हुए एक विशेष हेल्पलाइन नंबर जारी किया है.
पटना की सड़कों पर उमड़ी भीड़
खाड़ी देशों में जारी संघर्ष ने वैश्विक स्तर पर सप्लाई चेन को प्रभावित किया है, जिसका सीधा असर अब बिहार के गैस वितरण पर दिख रहा है. पटना की गलियों में जहां पहले डिलीवरी वेंडर की घंटी सुनाई देती थी, वहां अब सन्नाटा है.
लोग ऐप और फोन के जरिए बुकिंग तो कर रहे हैं, लेकिन हफ्तों बीत जाने के बाद भी सिलेंडर घर नहीं पहुंच रहा. मजबूर होकर उपभोक्ता खुद ही गोदामों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है.
सुबह 9 से शाम 6 बजे तक मिलेगी मदद
उपभोक्ताओं के धैर्य का बांध टूटता देख पटना डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह (त्यागराजन एसएम के पूर्व निर्देशों के अनुपालन में) ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने साफ कर दिया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इसके लिए जिला स्तर पर एक समर्पित हेल्पलाइन नंबर 0612-2219810 स्थापित किया गया है. अगर आपकी बुकिंग पेंडिंग है या कोई वेंडर मनमानी कर रहा है, तो आप सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे के बीच इस नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं. सिलेंडर से संबंधित शिकायतों के निवारण तथा गैस जमाखोरी की रोकथाम हेतु 28 धावा दल का गठन किया गया है.
क्या है समाधान? हेल्पलाइन का इस्तेमाल कैसे करें?
हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करते समय अपनी उपभोक्ता संख्या (Consumer ID) और गैस एजेंसी का नाम तैयार रखें. प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि सूचना मिलते ही आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएंगे. इसके अलावा, अवैध वसूली या कालाबाजारी की स्थिति में भी इसी नंबर पर सूचना दी जा सकती है.
Also Read: बिहार सरकार का दावा- हमारे पास पर्याप्त LPG सिलेंडर हैं, अफवाहों से बचें, एजेंसियों पर भीड़ न लगाएं
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Pratyush Prashant
महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




