विवाहिता की मौत के मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन
विवाहिता की मौत के मामले में हत्या की प्राथमिकी दर्ज, पुलिस ने पति को किया गिरफ्तार

मृतक के पति को गिरफ्तार कर कोर्ट ले जाती पुलिस

सूर्यगढ़ा बाजार में विवाहिता अमीषा कुमारी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर सास-ससुर और पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लखीसराय कोर्ट में पेश किया.

विज्ञापन

सूर्यगढ़ा (लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट. स्थानीय बाजार में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) शाखा के समीप बुधवार 13 मई 2026 को हुई 26 वर्षीय विवाहिता अमीषा कुमारी उर्फ अंशु की संदिग्ध मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. मृतका के भाई द्वारा हत्या की लिखित शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है.

ससुराल पक्ष का दावा आत्महत्या, भाई ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका अमीषा कुमारी सूर्यगढ़ा बाजार निवासी सुरेंद्र प्रसाद की पुत्रवधू और रिशु अग्रवाल की पत्नी थी. घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग इसे आत्महत्या का मामला बता रहे थे. वहीं दूसरी ओर, मृतका के भाई सोनू कुमार (पिता स्व. राजेंद्र रजक, निवासी- करुआ मोड़, चौथम, खगड़िया) ने सूर्यगढ़ा थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है. इस मामले में मृतका के पति रिशु अग्रवाल, ससुर सुरेंद्र प्रसाद और सास वीणा अग्रवाल समेत अन्य परिजनों को नामजद आरोपी बनाया गया है.

दहेज के लिए प्रताड़ना और मारपीट का आरोप

थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा दहेज एवं अन्य मांगों को लेकर अमीषा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था. आरोप है कि 13 मई बुधवार के पूर्वाह्न में आरोपियों ने अमीषा के साथ मारपीट कर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को रस्सी के सहारे छत के पाइप से लटका दिया और मायके वालों को फोन पर खुदकुशी की झूठी सूचना दी. भाई का दावा है कि मृतका के चेहरे पर जख्म के निशान पाए गए हैं.

पति गिरफ्तार, कोर्ट में किया गया पेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए सूर्यगढ़ा पुलिस ने तत्परता दिखाई और नामजद आरोपी पति रिशु अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार को आरोपी पति को लखीसराय कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

जांच में जुटी पुलिस

सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के भाई के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर मुख्य आरोपी पति को जेल भेज दिया गया है. पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से छानबीन कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा. उन्होंने कहा कि मामले में संलिप्त अन्य फरार अभियुक्तों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

विज्ञापन
दिव्यांशु प्रशांत

लेखक के बारे में

By दिव्यांशु प्रशांत

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन