डीएम के औचक निरीक्षण में बंद मिला नया अस्पताल, हो सकती है कार्रवाई

Updated:
विज्ञापन
WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

लखीसराय डीएम ने बड़हिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया। नया अस्पताल बंद मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

विज्ञापन

बड़हिया (लखीसराय). सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़हिया में शुक्रवार देर शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब लखीसराय के जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार अपनी पूरी प्रशासनिक टीम के साथ औचक निरीक्षण करने पहुंच गये. इस दौरान करोड़ों की लागत से बना नया अस्पताल भवन बंद मिला. मुख्य गेट पर ताला लटका था और इमरजेंसी सेवा ठप थी. डीएम के साथ एडीएम, डीडीसी, बड़हिया एसडीओ, बीडीओ और अन्य अधिकारी मौजूद थे. टीम सीधे नये भवन में पहुंची, लेकिन वहां सन्नाटा पसरा था. मरीजों का इलाज पुराने जर्जर भवन में चल रहा था. स्थानीय लोगों ने पहले ही डीएम से शिकायत की थी कि शाम होते ही नया अस्पताल बंद कर दिया जाता है.

विज्ञापन

नये भवन में जेनरेटर की व्यवस्था नहीं

मौके पर मौजूद अधिकारियों से जब कारण पूछा गया तो बताया गया कि नये भवन में जनरेटर की व्यवस्था नहीं है. इस वजह से दोपहर बाद ओपीडी और इमरजेंसी सेवा पुराने भवन में शिफ्ट कर दी जाती है. यह सुनते ही डीएम का पारा चढ़ गया. डीएम ने कड़ी नाराजगी जताते हुए कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर अस्पताल भवन जनता की सेवा के लिए बनाया गया है, शाम होते ही ताला लगाने के लिए नहीं. अगर जनरेटर की समस्या थी तो इसकी सूचना जिला प्रशासन को क्यों नहीं दी गई. डॉक्टर को लोग भगवान मानते हैं, इमरजेंसी सेवा सबसे महत्वपूर्ण होती है. रात में कोई मरीज आए और अस्पताल बंद मिले, यह किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा.

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और रोस्टर पर सवाल उठाये सवाल डीएम ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और रोस्टर पर सवाल उठाये. डीएम ने सख्त निर्देश दिया कि शनिवार से ही अस्पताल परिसर में बड़ा रोस्टर बोर्ड लगाया जाय, जिसमें ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर, एएनएम, स्वास्थ्य कर्मियों का नाम, मोबाइल नंबर और ड्यूटी का समय साफ-साफ लिखा हो. डीएम ने चेतावनी दी कि जिले के सभी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवा 24 घंटे बहाल रहनी चाहिए. लापरवाही बरतने वाले डॉक्टरों और कर्मियों से जवाब तलब किया जाएगा और दोषी पाये जाने पर कठोर कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि वह किसी भी समय किसी भी अस्पताल का औचक निरीक्षण कर सकते हैं.

कार्रवाई का हो रहा इंतजार इधर, अब कार्रवाई का इंतजार है. डीएम के इस औचक निरीक्षण के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा है. अब देखना होगा कि प्रशासन की सख्ती के बाद नए भवन में 24 घंटे स्वास्थ्य सेवा शुरू होती है या फिर यह करोड़ों का भवन शाम ढलते ही यूं ही बंद होता रहेगा.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन